30 लाख की रिश्वत लेते पटवारी के दलाल को दबोचा, एसीबी ने की कार्रवाई
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रविवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी के दलाल को 30 लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है । जमीन के नामांतरण के बदले मांगी गई इस भारी-भरकम घूस में खुद पटवारी फंसने से बचने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा और अपनी जगह दलाल को भेज दिया था।
जानकारी के अनुसार, कालवाड़ रोड स्थित 10 बीघा जमीन का नामांतरण खोलने के एवज में संबंधित पटवारी नरेंद्र मीणा ने 50 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। समझौते के बाद 30 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। एसीबी को शिकायत मिलने पर ट्रैप की योजना बनाई गई।
रविवार रात शिकायतकर्ता को 5 लाख रुपए असली और 25 लाख रुपए डमी नोट देकर हाथोज बस स्टैंड पर भेजा गया। वहां पहले से मौजूद दलाल विकास शर्मा ने जैसे ही रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने उसे धर दबोचा। एसीबी ने मौके पर ही दलाल से पटवारी नरेंद्र मीणा को फोन करवाया और बातचीत की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कर ली। अब एसीबी टीम फरार पटवारी की तलाश में दबिश दे रही है।

