पेपरलीक वाले खुले घूम रहे, पायलट के साथ वालों पर झूठे मुकदमे-विधायक इंद्राज सिंह

राजनीति राजस्थान

जयपुर@dainikkhabraan । सचिन पायलट समर्थक कांग्रेस विधायक इंद्राज सिंह गुर्जर ने मंत्री राजेंद्र गुढ़ा के खिलाफ केस दर्ज करने पर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इंद्राज गुर्जर ने सीएम अशोक गहलोत खेमे पर निशाना साधा है। इंद्राज गुर्जर ने कहा- प्रदेश में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं उसके दोषी तो पकड़े नहीं जा रहे हैं और सरकार के ही एक मंत्री के खिलाफ बिना जांच एक फ्रॉड के आरोपी के कहने पर एफआईआर दर्ज कर ली जाती है। पेपरलीक के दोषियों को पकड़ने की जगह पायलट के साथ वालों को टारगेट किया जा रहा है। पायलट के साथ वालों पर कार्रवाई की जा रही है और पेपरलीक करने वाले खुले घूम रहे हैं।

गुढ़ा ने किसान सम्मेलन किया, 50 हजार से ज्यादा लोग आए, वो सरकार रिपीट करवाने की बात कहते हैं, उनसे जिन लोगों को तकलीफ है वे केस करवा रहे हैं। जो सचिन पायलट के साथ हैं उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ऐसी कार्रवाई भूमाफिया, नकल माफिया और पेपरलक वालों के खिलाफ भी करें। पेरलीक करने वाले तो खुले घूम रहे हैं। गृह विभाग को इसका संज्ञान लेना चाहिए ताकि सरकार की बदनामी नहीं हो।

दो बार सरकार की मदद करने वाले पर झूठा केस
इंद्राज गुर्जर ने कहा- जिस गुढ़ा ने दो बार सरकार की मदद की, उसके खिलाफ एक फ्रॉड के कहने पर बिना जांच पड़ताल केस दर्ज कर लिया। मंत्री क्या खुद सरकारी गाड़ी से अपहरण करने जाएगा? झूठ की भी हद होती है। गुढ़ा ने 2008 में हमारी सरकार को चलाने में मदद की जब केवल 96 विधायक थे, तब 6 एमलए को मर्ज करवाकर सरकार बचाई। दूसरी बार 2018 में भी फिर विलय करके सरकार की मदद की। जो व्यक्ति खुद की मेहनत से जीत रहा है उसे कौन कमजोर करने का काम कर रहा है, यह सोचने वाली बात है।