दैनिक खबरा,नोखा। जसरासर को पंचायत समिति बनाने की मांग को लेकर सरपंच रामनिवास तर्ड के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन में बताया कि जसरासर में पहले से ही तहसील, थाना, बिजली विभाग, कॉलेज और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं मौजूद हैं। यह क्षेत्र स्टेट हाईवे से जुड़ा है और आसपास के दर्जनों गांवों का प्रमुख केंद्र है। ज्ञापन में बताया कि यहां की 26 ग्राम पंचायतें सरकारी मापदंडों को पूरा करती हैं, लेकिन पंचायत समिति न होने के कारण स्थानीय लोगों को पंचायत संबंधी कार्यों के लिए रोजाना नोखा जाना पड़ता है, जिससे उन्हें समय और धन की बरबादी के साथ-साथ परेशानी का सामना करना पड़ता है।
2014 के परिसीमन में जसरासर को पंचायत समिति का मुख्यालय बनाया जाना प्रस्तावित था, लेकिन यह योजना धरातल पर नहीं उतर पाई। अब जब सरकार पंचायत राज संस्थाओं का पुनर्सीमांकन कर रही है, तब ग्रामीणों ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपनी मांग को फिर से मजबूती से उठाया है। ज्ञापन के समय हंसराज तर्ड सहित कई प्रमुख ग्रामीण उपस्थित थे।

