नोखा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बोलेरो से 1 क्विंटल 80 किलो डोडा–पोस्त बरामद, तस्कर फरार
दैनिक खबरां,बीकानेर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोखा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने केशूपुरा ताल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक बोलेरो (आरजे 21 यूसी 0357) से 1 क्विंटल 80 किलो डोडा–पोस्त छिलका बरामद कर वाहन को जब्त किया है। हालांकि तस्कर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
यह कार्रवाई आईजी बीकानेर रेंज हेमन्त शर्मा के निर्देशन तथा नवयुवकों को नशे से बचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। एसपी बीकानेर कावेन्द्र सिंह सागर के आदेशों और सीओ नोखा जरनैल सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी अरविंद कुमार भारद्वाज के नेतृत्व में थाना टीम ने संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाधिकारी भारद्वाज नें बताया कि शुक्रवार को डीएसटी टीम के इनपुट के आधार पर नोखा पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्ध बोलेरो को रोककर तलाशी ली। वाहन में भारी मात्रा में डोडा–पोस्त मिलने पर उसे तुरंत जप्त किया गया। मामले में अज्ञात तस्कर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच पांचू थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक राजीव रोयल को सौंप दी गई है।

