हाईवे पर अब क्यूआर कोड से मिलेगी हर जरूरी जानकारी,NHAI की नई पहल

देश

हाईवे पर अब क्यूआर कोड से मिलेगी हर जरूरी जानकारी, एनएचएआई की नई पहल


यात्रियों को पेट्रोल पंप, अस्पताल, होटल, पुलिस स्टेशन और टॉयलेट की जानकारी मिलेगी एक क्लिक में

दैनिक खबरां । नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों के लिए राहतभरी खबर है। लंबी यात्राओं के दौरान ड्राइवरों और यात्रियों को अक्सर नजदीकी पेट्रोल पंप, अस्पताल, होटल, पुलिस स्टेशन या टॉयलेट जैसी सुविधाएं खोजने में परेशानी होती थी। अब यह मुश्किल खत्म होने जा रही है।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक नई पहल की है, जिसके तहत हाईवे पर क्यूआर कोड साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं। इन बोर्डों को मोबाइल से स्कैन करते ही आसपास की सभी जरूरी जानकारियां तुरंत आपके फोन पर उपलब्ध होंगी।

यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा पर फोकस

एनएचएआई का कहना है कि इस पहल से न केवल हाईवे यात्रा सुरक्षित होगी, बल्कि आपातकालीन स्थिति में भी तत्काल सहायता मिल सकेगी। जानकारी मिलने में देरी के कारण कई बार यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ती थी, जिसे यह तकनीक खत्म करेगी।

क्यूआर कोड बोर्ड में क्या मिलेगा?

इन वर्टिकल क्यूआर कोड साइन बोर्डों में हाईवे से जुड़ी पूरी डिटेल दी जाएगी, जैसे—

हाइवे नंबर, प्रोजेक्ट की लंबाई और रखरखाव अवधि

हाईवे पेट्रोल, टोल मैनेजर, प्रोजेक्ट मैनेजर और रेजिडेंट इंजीनियर के संपर्क नंबर

आपातकालीन हेल्पलाइन 1033

एनएचएआई फील्ड ऑफिस की जानकारी
साथ ही, क्यूआर कोड स्कैन करते ही यात्री नजदीकी पेट्रोल पंप, अस्पताल, होटल, रेस्टोरेंट, पुलिस स्टेशन, ट्रक ले-बाय, पंचर रिपेयर शॉप, वाहन सर्विस स्टेशन, ई-चार्जिंग स्टेशन और टोल प्लाजा की दूरी जैसी जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।


चुनिंदा स्थानों पर लगाए जाएंगे बोर्ड

एनएचएआई की योजना है कि ये क्यूआर कोड बोर्ड हाईवे के रेस्ट एरिया, टोल प्लाजा, ट्रक ले-बाय, हाईवे के आरंभ और अंत बिंदुओं, तथा बड़े साइन बोर्डों के पास लगाए जाएं। इससे यात्रियों को जरूरत पड़ने पर नजदीकी सुविधा खोजने में समय और परेशानी दोनों से राहत मिलेगी। साथ ही, आपात स्थिति में अस्पताल या पुलिस स्टेशन की जानकारी तुरंत मिल सकेगी।