बीकानेर-जयपुर के बीच रोडवेज की नई बस सेवा शुरू

जयपुर बीकानेर राजस्थान

बीकानेर-जयपुर के बीच रोडवेज की नई बस सेवा शुरू

बीकानेर। यात्रियों की बढ़ती संख्या और त्योहारी सीजन को देखते हुए बीकानेर से जयपुर और जयपुर से बीकानेर के लिए रोडवेज की एक नई बस सेवा शुरू की गई है। सोमवार को जयपुर के विद्याधर नगर डिपो से इस बस को मुख्य प्रबंधक पवन तिवाड़ी, यातायात निरीक्षक मुदित कटोड़ा और यातायात प्रबंधक नंदकिशोर मीणा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यातायात निरीक्षक मुदित कटोड़ा ने बताया कि जयपुर से यह बस प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे रवाना होगी। लगभग सात बजे यह सीकर पहुंचेगी और दोपहर 12 बजे बीकानेर पहुंचेगी।

रूट व ठहराव
बस फतेहपुर-लक्ष्मणगढ़ बाइपास से होते हुए रतनगढ़ पहुंचेगी। यहां बस स्टैंड पर दो मिनट का ठहराव रहेगा। इसके बाद यह राजलदेसर और श्रीडूंगरगढ़ होते हुए बीकानेर पहुंचेगी।
इसी प्रकार वापसी में बस बीकानेर से दोपहर 3:50 बजे जयपुर के लिए रवाना होगी और श्रीडूंगरगढ़, राजलदेसर, रतनगढ़ होते हुए सीकर पहुंचेगी। वहां से आगे जयपुर जाते हुए रात 10 बजे गंतव्य पर पहुंचेगी।

यात्रियों को मिलेगी राहत
नई बस सेवा शुरू होने से बीकानेर और आसपास के यात्रियों को जयपुर आने-जाने में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। यह बस दोनों शहरों के बीच लगभग छह घंटे का सफर तय करेगी।