
नौतपा का कहर जारी: बीकानेर में पारा 46 डिग्री पहुंचा,10 जिलों में पारा 44 के पार
दैनिक खबरां,बीकानेर। राजस्थान में नौतपा के दूसरे दिन मंगलवार को भी भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। प्रदेश के 10 जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि बीकानेर में पारा 46 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को झुलसाना शुरू कर दिया, जिससे दोपहर तक सड़कें सूनी नजर आईं।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले दो से तीन दिन तक हीटवेव का असर जारी रहने की संभावना है। बीकानेर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर और कोटा संभाग में तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंच सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि तेज गर्मी और गर्म हवाओं के कारण लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मंगलवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां तापमान 47 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा बीकानेर 46, जैसलमेर और कोटा 45, जबकि पिलानी में 44.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद भी जताई है। विभाग के अनुसार 28 मई के बाद पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं। इससे 29 मई से तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।

