विधायक अंशुमान सिंह भाटी की युवाओं के लिए पहल, बज्जू खालसा में खुलेगा आईटीआई कॉलेज
दैनिक खबरां, बीकानेर। कोलायत विधानसभा क्षेत्र के बज्जू खालसा में जल्द ही एक नया राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई कॉलेज) खुलने जा रहा है। इस संबंध में राजस्थान सरकार ने श्रम, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग के बजट वर्ष 2024-25 की घोषणा (बिन्दु संख्या 57) के अंतर्गत प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है।
कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि इस आईटीआई कॉलेज की स्थापना से क्षेत्र के युवाओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण मिलेगा, जिससे उन्हें स्थानीय और राष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल कौशल विकास, रोजगार सृजन और औद्योगिक प्रगति में अहम योगदान साबित होगी।
विधायक भाटी ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कौशल नियोजन एवं उद्यमिता मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “यह संस्थान युवाओं के उज्जवल भविष्य और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। यह हमारे युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा।”
उन्होंने आगे कहा कि सरकार की यह पहल शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगी और क्षेत्रवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करेगी।

