विद्युत चोरी पर एमडी भड़के,दो कर्मचारी निलंबित,कई अभियंताओं पर गिरी गाज,विजिलेंस पर भी उठाए सवाल..

बीकानेर

विद्युत चोरी पर एमडी भड़के,दो कर्मचारी निलंबित,कई अभियंताओं पर गिरी गाज,विजिलेंस पर भी उठाए सवाल..

बीकानेर, दैनिक खबरां । जोधपुर डिस्कॉम के प्रबंध निदेशक डॉ. भंवर लाल ने बुधवार को जोनल अभियंता कार्यालय में जिला वृत्त अधिकारियों की बैठक लेकर टी एंड डी लॉसेज़, राजस्व प्राप्ति, कृषि कनेक्शन जारी करने और विजिलेंस कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान एमडी ने लक्ष्य पूर्ति में ढिलाई पर नाराजगी जताई और अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, समय पर नए कनेक्शन और पारदर्शी सेवाएं प्रदान करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डॉ. भंवर लाल ने लंबित कृषि कनेक्शनों पर असंतोष जताते हुए निर्देश दिए कि रबी सीजन से पूर्व सभी लंबित कनेक्शन जारी किए जाएं। आवश्यक सामग्री की समय पर उपलब्धता और वोल्टेज समस्याओं को न्यूनतम करने के निर्देश प्रसारण निगम के अधिकारियों को दिए गए।

एमडी ने विजिलेंस कार्यों की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी व्यक्त की और उपभोक्ताओं से बकाया वसूली के लिए विशेष विजिलेंस टीमें गठित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं में फैली भ्रांतियों को दूर करने और उनके लाभों के बारे में आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान नोखा के काकड़ा गांव में आठ अवैध ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत चोरी के मामले पर चर्चा के दौरान एमडी भड़क उठे। इस पर उन्होंने कनिष्ठ अभियंता अजय पाल सिंह और तकनीकी कर्मचारी राजेंद्र कुमार को निलंबित करने के आदेश दिए, साथ ही लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने पर सहायक अभियंता (पवस) नापासर, सहायक अभियंता (ग्रामीण) नोखा और कनिष्ठ अभियंता भामटसर के विरुद्ध चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में तकनीकी कर्मियों को सेफ्टी किट वितरित की गईं और फील्ड में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एमडी ने स्पष्ट किया कि लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ निलंबन या चार्जशीट की कार्यवाही से पीछे नहीं हटेंगे।

बैठक में निदेशक (तकनीकी) वी.के. छंगाणी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (मुख्यालय) अशोक गोयल, अधीक्षण अभियंता जिला वृत्त भूपेंद्र भारद्वाज सहित जिले के समस्त अधिशासी और सहायक अभियंता उपस्थित रहे।