विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत: पति, ससुर व सास पर हत्या का आरोप, मुकदमा दर्ज

नोखा बीकानेर बीकानेर पुलिस

विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत: पति, ससुर व सास पर हत्या का आरोप, मुकदमा दर्ज

दैनिक खबरां, बीकानेर । दहेज प्रताड़ना से जुड़ा एक गंभीर मामला बुधवार को नोखा थाने में दर्ज हुआ है, जिसमें आडसर पुरोहितान निवासी देवाराम पुत्र स्व. तुलछाराम ने अपनी बहन बसंती की मौत के लिए उसके पति, ससुर और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्रार्थी देवाराम ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन बसंती की शादी 11 मार्च 2020 को श्यामलाल पुत्र सोहनलाल लखारा, निवासी लखारा शिव मंदिर, नोखा के साथ हुई थी। शादी में हैसियत से अधिक दहेज व सोने-चांदी के आभूषण दिए गए, इसके बावजूद पति, ससुर और सास दहेज कम लाने को लेकर बसंती को लंबे समय से ताना देते और प्रताड़ित करते रहे। लगभग दो वर्ष पूर्व आरोपियों ने दो लाख रुपए और नोखा में मकान बनवाने की मांग को लेकर बसंती के साथ मारपीट की। घटना के बाद प्रार्थी का परिवार बसंती को मायके ले आया था। बाद में दोनों पक्षों में पंचायत हुई, जिसमें विवाद नहीं करने की बात कहकर आरोपी पक्ष ने बसंती को वापस ससुराल भेजने पर सहमति दी, लेकिन कुछ ही समय बाद फिर से दहेज की मांग और प्रताड़ना शुरू हो गई।

प्रार्थी देवाराम के अनुसार 29 नवंबर 2025 को बसंती ने अपनी मां को फोन कर दहेज के लिए हो रही मारपीट और उसे गोली देकर मारने की साजिश की जानकारी दी। 30 नवंबर को उसने अपने मामा के बेटे को भी इसी प्रकार की जानकारी दी थी।

प्रार्थी ने पुलिस एफआईआर में बताया कि 2 दिसंबर की शाम बसंती के ससुर सोहनलाल ने फोन कर उसकी तबीयत गंभीर होने की सूचना दी और बाद में फोन बंद कर दिया। अगले दिन सुबह जब वह ससुराल पहुंचा तो आरोपियों ने गोलमाल जवाब दिए। उसने बहन को देखा तो उसके मुंह और नाक से झाग निकल रहे थे तथा गर्दन पर काले निशान थे। देवाराम का आरोप है कि बसंती की हत्या दहेज की मांग को लेकर गोली देकर की गई है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर नोखा थाने में धारा 85, 80(2), 3(5) बीएनएस 2023 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच सीओ नोखा जर्नेल सिंह आरपीएस को सौंपी गई है।