



बड़ी कार्रवाई: पुलिस की मदद से बीकेईएसएल ने तोड़ी बिजली चोरी की कमर, हर महीने उड़ रही थी दस लाख की बिजली
दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर पुलिस के सशक्त सहयोग से बीकेईएसएल ने बुधवार को भुट्टो की मस्जिद क्षेत्र में बिजली चोरी रोकने के लिए दिनभर चला बड़ा अभियान चलाया। इस इलाके में हर महीने करीब दस लाख रुपए मूल्य की बिजली चोरी होने का अनुमान था।
बीकेईएसएल के सीओओ जयंत राय चौधरी ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में कम्पनी की 28 टीमों ने सुबह से ही क्षेत्र के दो विद्युत वितरण ट्रांसफॉर्मरों से जुड़े 131 उपभोक्ताओं के अंदर लगे मीटरों को नियमानुसार बाहर शिफ्ट किया। कार्रवाई के दौरान कटी-फटी सर्विस केबल बदली गई और खुले तारों को हटाकर आर्मर्ड केबल लगाई गई, जिससे लाइन से की जा रही बिजली चोरी पर रोक लगेगी। कार्रवाई में कुल 112 कर्मचारियों ने पुराने नेटवर्क को हटाकर नया, मजबूत व सुरक्षित विद्युत नेटवर्क स्थापित किया। इस दौरान 100 उपभोक्ताओं के मीटर और सर्विस केबल बदले गए।
चौधरी के अनुसार इन दो ट्रांसफॉर्मरों से जुड़े उपभोक्ता हर महीने करीब 1 लाख 20 हजार यूनिट बिजली की चोरी कर रहे थे। कार्रवाई के दौरान करीब 60 पुलिसकर्मी, अधिकारी और एक मजिस्ट्रेट मौके पर मौजूद रहे। बीकेईएसएल के 20 से अधिक अधिकारी भी मौके पर उपस्थित थे। बीकानेर में इस क्षेत्र में लंबे समय से बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। कंपनी ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के अवैध कनेक्शन काटे गए, उनके लिए सोमवार या मंगलवार को विशेष शिविर लगाकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

