देर रात बीकानेर की सड़कों पर हड़कंप,पुलिस ने बिना नंबर वाली थार, कार और बाइक पकड़ी, देखें वीडियो..
दैनिक खबरां,बीकानेर। जिले में यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने आज बिना नंबर प्लेट वाली वाहनों के खिलाफ विशेष सर्च अभियान चलाया। एसपी कावेन्द्र सागर के निर्देशन में जेएनवीसी थानाधिकारी सुरेन्द्र पचार की टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में पेट्रोलिंग और वाहन जांच अभियान शुरू किया।
अभियान के दौरान थार गाड़ी, कार और कई बाइक की जांच की गई। पुलिस टीम ने करीब दो दर्जन वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालकों को नियमों का पालन करने के लिए कड़ी चेतावनी दी। अधिकारियों ने बताया कि नियमों की अवहेलना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी और भविष्य में ऐसी लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सड़क पर पुलिस टीम की मौजूदगी से कई बाइक चालकों में हड़कंप मच गया। कुछ चालकों को देखकर पुलिस को पीछा छोड़कर वाहन वापस मोड़ते भी देखा गया। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मकसद न केवल अवैध वाहनों की पहचान करना है, बल्कि आम जनता को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
एसपी कावेन्द्र सागर ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाएगी ताकि सड़क पर अनुशासन और सुरक्षा बनी रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से शहर में वाहन चालकों के बीच अलर्ट रहने की स्थिति बन गई है और आमजन में जागरूकता बढ़ाने में भी यह अभियान कारगर साबित हो रहा है।

