राह चलतों से लूटते थे मोबाइल,कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार, दो आरोपियों से 21 मोबाइल बरामद
दैनिक खबरां। राह चलते युवकों से मोबाइल फोन छीनकर फरार होने वाले तीन युवकों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी राह चलते लोगों से मोबाइल छीनते और फरार हो जाते। मौका मिलने पर इसे बेच देते। घटना बीकानेर संभाग के श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र की है। युवकों से मोबाइल चोरी के कई अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को पिछले कुछ दिन से मोबाइल चोरी की कई शिकायतें मिल रही थीं। इस संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो तीनों आरोपी पकड़ में आए। नेहरू पार्क और जवाहर नगर एरिया से मोबाइल छीन लिया था।
इस संबंध में पिछले दिनों नेहरू पार्क और एच ब्लॉक एरिया में मोबाइल छीनने की वारदात के बाद मामला दर्ज हुआ था। साधुवाली निवासी कोमल मलेठिया ने दस नवम्बर को कोतवाली थाने में मामला दर्ज करवाया था। इसमें कहा गया था कि वह नेहरू पार्क बस स्टैंड से खींची चौक जा रहा था। इसी दौरान मोटर साइकिल सवार युवक ने उससे मोबाईल छीन लिया।
इसी क्रम में पुरानी आबादी के करण पुत्र रोहताश कुमार ने भी 21 नवम्बर को मामला दर्ज करवाया कि वह एच ब्लॉक डिग्गी के पास मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात युवक ने उसका मोबाइल छीन लिया।
इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की तो मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर तीन युवकों पर नजर रखी गई। युवकों पर शक पुख्ता होने पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
एच ब्लॉक डिग्गी के पास लूट मामले में इंदिरा चौक का साहिल ( 20 ) पुत्र रोहताश, कृष्णा टॉकीज के पास रहने वाले पीयूष पुत्र गब्बर तथा नेहरू पार्क के पास मोबाइल लूट मामले में पुरानी आबादी में सुखवंत सिनेमा के पास रहने वाले तुषार उर्फ कुकी उर्फ नागेंद्र पुत्र सतपाल को गिरफ्तार किया गया। साहिल और पीयूष से दस मोबाइल और घटना में उपयोग किया मोटर साइकिल बरामद हुआ है। वहीं तुषार से ग्यारह मोबाइल और घटना में उपयोग किया मोटरसाइकिल बरामद हुआ है। पुलिस युवकों से पूछताछ कर रही है।

