



अंतरराष्ट्रीय सारस्वत ब्राह्मण महासम्मेलन 20-21 दिसंबर को जोधपुर में,15 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल, बीकानेर में हुई तैयारी बैठक
बीकानेर,दैनिक खबरां । अखिल विश्व सारस्वत ब्राह्मण समाज का दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय महासम्मेलन आगामी 20 और 21 दिसंबर को जोधपुर के मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित किया जाएगा। इसमें 15 देशों से सारस्वत ब्राह्मण प्रतिनिधि भाग लेंगे। इस आयोजन को लेकर बीकानेर जिले के सारस्वत समाज को आमंत्रित करने के लिए शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड के सामने शगुन पैलेस में सभा का आयोजन हुआ।
सभा की अध्यक्षता श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने की, जबकि संचालन देवेन्द्र सारस्वत ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम के तैलचित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि जोधपुर पूर्व महापौर एवं महासम्मेलन मुख्य संयोजक घनश्याम औझा, विशिष्ट अतिथि वित्त समिति प्रमुख एडवोकेट हस्तीमल सारस्वत, अमेरिकन ड्यूस बैंक डायरेक्टर पंकज औझा, एडवोकेट कैलाश सारस्वत, पार्षद मोहित औझा, वरिष्ठ नेता प्रभुदयाल सारस्वत और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
महासम्मेलन की रूपरेखा बताई
घनश्याम औझा ने आगामी दिसंबर में होने वाले महासम्मेलन की रूपरेखा, कार्ययोजना और व्यवस्थाओं की जानकारी दी और बीकानेर समाज को पीले चावल देकर आमंत्रण दिया। उन्होंने बताया कि यह सम्मेलन सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से ऐतिहासिक आयोजन होगा। एडवोकेट हस्तीमल सारस्वत ने कहा कि सम्मेलन पश्चिम राजस्थान को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा। एडवोकेट कैलाश सारस्वत ने बताया कि सम्मेलन में पश्चिम राजस्थान के सांस्कृतिक एवं धार्मिक स्थलों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया जाएगा।
पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से दी जानकारी
मीडिया प्रभारी रामदेव सारस्वत ने प्रस्तुति के माध्यम से सम्मेलन की विशेषताएं बताईं। सभा को प्रभुदयाल सारस्वत, पंकज औझा, मुकेश औझा, राजेश सारस्वत, नटवर भंडिया आदि ने संबोधित किया। स्वागत भाषण धनसुख तावणियां ने और धन्यवाद ज्ञापन मुकेश औझा ने किया।
15 देशों से आएंगे प्रतिनिधि
पंकज औझा ने बताया कि अब तक अमेरिका, कनाडा, जर्मनी, फ्रांस, इटली, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, चीन, रूस, नेपाल समेत 15 देशों से सारस्वत ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधि सम्मेलन में भागीदारी के लिए पंजीकृत हो चुके हैं।
मिलेट व्यंजन से होगी आवभगत
विधायक ताराचंद सारस्वत ने बताया कि सम्मेलन में मिलेट्स (श्रीअन्न) से बने पारंपरिक पौष्टिक व्यंजन अतिथियों को परोसे जाएंगे।
सेमिनार होंगे मुख्य आकर्षण
महासम्मेलन के दौरान सारस्वत गौरव गाथा ग्रंथ, सारस्वत ग्लोबल एक्सपो, कौशल विकास, सारस्वत स्टार्टअप नेटवर्क, सारस्वत शिक्षा मिशन और ग्रीन अभियान जैसे विषयों पर सेमिनार आयोजित होंगे।
बीकानेर में हुआ भव्य स्वागत
इस अवसर पर एचएसबीसी बैंक वाइस प्रेसीडेंट ललित नारायण औझा का साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में विप्र फाउंडेशन प्रदेशाध्यक्ष धनसुख तावनियां, जेपी ब्रोकर्स जयप्रकाश सारस्वत, गोपीकिशन औझा, ओमप्रकाश शर्मा राजेरां, धर्मेंद्र सारस्वत, रतिराम तावनियां, सुनील तावनियां, भगवानदेव सारस्वत, डाॅ. कपिल सारस्वत, प्राचार्य महावीर सारस्वत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य मौजूद रहे।

