बीकानेर में पिता ने बेटे को बस में बैठाकर भेजा कोचिंग सेंटर, रास्ते में हुआ लापता,पुलिस जुटी तलाश में..

बीकानेर बीकानेर पुलिस विविध समाचार

बीकानेर में पिता ने बेटे को बस में बैठाकर भेजा कोचिंग सेंटर, रास्ते में हुआ लापता,पुलिस जुटी तलाश में..

Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। जयनारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्र के लापता होने का मामला सामने आया है। रामसर निवासी एक व्यक्ति ने अपने पुत्र के सीकर स्थित डिफेंस अकादमी नहीं पहुंचने पर गुमशुदगी की एफआईआर दर्ज कराई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रामसर निवासी बीरबल कस्वां (40) पुत्र रतनाराम जाट ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र हर्षित कस्वां (जन्म तिथि 06 जुलाई 2008) सीकर की गोविंद डिफेंस अकादमी में अध्ययनरत है। हर्षित 10 जनवरी 2026 को छुट्टियों में सीकर से बीकानेर आया था।


बीरबल कस्वां के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को उन्होंने अपने पुत्र को तिलकनगर जाट छात्रावास के पास से करणी महाराजा बस (नंबर RJ-19-2311) में दोपहर करीब 2 बजे, सीट नंबर 4 पर बैठाकर सीकर के लिए रवाना किया था। इसके बावजूद 25 जनवरी 2026 तक हर्षित अकादमी नहीं पहुंचा। पिता ने 22 जनवरी को अकादमी में फोन कर जानकारी ली तो पता चला कि छात्र वहां पहुंचा ही नहीं। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

बताया गया कि बस में बैठते समय हर्षित ने काली पैंट, सफेद शर्ट, काले रंग की जैकेट, पैरों में काले जूते, हाथ में सफेद थैला और एक काला बैग ले रखा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने में धारा 137(2) बीएनएस 2023 के तहत गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सउनि पूर्णाराम को सौंपी गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को छात्र के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।