चावल के कट्टों में छुपाकर ले जाई जा रही अवैध शराब पकड़ी, 80 कार्टन जब्त, दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
Bikaner News दैनिक खबरां,बीकानेर। बीकानेर रेंज स्पेशल टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आज गुरुवार सुबह-सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए चावल के कट्टों के बीच छुपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में हरियाणा से राजस्थान लाई जा रही शराब के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, वहीं तस्करी में प्रयुक्त ट्रेलर (ट्रक) को भी जब्त किया गया है।
यह कार्रवाई आज गुरुवार 5 फरवरी को बीकानेर रेंज स्पेशल टीम द्वारा पुलिस थाना रतननगर जिला चूरू के सहयोग से की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि चावल के कट्टों से भरे एक ट्रेलर में अवैध शराब छुपाकर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर ट्रेलर को रोककर तलाशी ली गई, जहां ऊपर कट्टों के नीचे बड़ी चालाकी से छुपाई गई शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कुल 80 कार्टन अवैध शराब जब्त की, जिनमें 30 कार्टन Iconiq White और 50 कार्टन Royal Stag ब्रांड की शराब शामिल है। ट्रेलर का रजिस्ट्रेशन नंबर HR69E3443 बताया गया है, जिसे मौके से जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने इस मामले में राजेश उर्फ कालू पुत्र महावीर सिंह उम्र 30 वर्ष निवासी जूडांदा तहसील भिवानी तथा सुमित उर्फ सूरज पुत्र सपथ उम्र 28 वर्ष निवासी सिड़पुरा तहसील रोहतक हरियाणा को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से अवैध शराब की सप्लाई, खरीद-फरोख्त और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।
बीकानेर रेंज आईजी के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों व संगठित अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में रेंज स्पेशल टीम और रतननगर पुलिस की अहम भूमिका रही।

