यहां पकड़ी अवैध शराब की फैक्ट्री, पुलिस को शक- चुनाव में सप्लाई होनी थी खेप, इन्फॉर्मेशन जुटाने वाले कॉन्स्टेबल का होगा सम्मान

पुलिस कार्रवाई राजस्थान राज्य

यहां पकड़ी अवैध शराब की फैक्ट्री, पुलिस को शक- चुनाव में सप्लाई होनी थी खेप, इन्फॉर्मेशन जुटाने वाले कॉन्स्टेबल का होगा सम्मान

कोटा। शहर पुलिस ने आवासीय कॉलोनी में अवैध शराब बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा है। मौके से स्पिरिट के ड्रम, पैकिंग मशीन, खाली कार्टून, सहित बड़ी संख्या में शीशी व ढक्कन बरामद किए हैं। इस सामग्री की कीमत लाखों में बताई जा रही है। किराए का मकान लेकर ये गोरखधंधा संचालित किया जा रहा था। पुलिस को अंदेशा है कि यहां बनने वाली नकली शराब चुनाव के दौरान सप्लाई होनी थी।डीएसपी हर्षराज खरेड़ा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरकेपुरम थाना क्षेत्र में विवेकानन्द नगर में एक मकान में अवैध शराब बनाई जा रही है। जिस पर सर्च वारंट लेकर मकान में छापा मारा। मकान में भारी मात्रा में अवैध शराब बनाने की सामग्री मिली है। ये मकान बारां निवासी राकेश नागर का बताया गया है। जिसे सांगोद बपावर निवासी जीतू उर्फ जितेंद्र ने किराए पर ले रखा है। फिलहाल मौके पर कोई भी व्यक्ति नहीं मिला। दो बाइक व एक कार की नम्बर प्लेट को जब्त किया है।

नींबू ब्रांड की कॉपी

डीएसपी खरेड़ा ने बताया कि इस मकान में सरकारी नींबू ब्रांड की शराब की कॉपी करके अवैध शराब तैयार की जा रही थी। मकान की तलाशी में पुलिस की टीम को बड़ी मात्रा में नींबू ब्रांड लिखे स्टिकर मिले हैं। जिस तरह से मकान में सेटअप लगा था। उससे लगता है कि यहां लंबे समय से अवैध शराब बनाई जा रही थी।

हैरानी की बात तो ये है लोडिंग अनलोडिंग के वक्त भी आस पड़ोस में रहने वाले लोगों को भनक तक नहीं लगी। पुलिस अब मकान मालिक से पूछताछ की बात कह रही है। जिस जीतू नाम के व्यक्ति ने मकान किराए पर ले रखा था, वो फरार है। पुलिस की टीम जीतू की तलाश में लगी है। इस अवैध शराब फैक्ट्री के बारे में जानकारी लाने वाले कॉन्स्टेबल गोविंद को सिटी एसपी ने 21 हजार का इनाम देने की घोषणा की है।