हनीट्रैप में फंसे व्यापारी से 50 लाख की मांग, नागौर में बीकानेर युवती सहित तीन दबोचे गए
दैनिक खबरां,नागौर। पुलिस ने हनीट्रैप के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए दो युवकों और एक युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर हैदराबाद में मिठाई का कारोबार करने वाले व्यापारी को नशे में धुत कर उसका अश्लील वीडियो बनाने और फिर ब्लैकमेल कर 50 लाख रुपये की मांग करने का आरोप है।
एसपी मृदुल कच्छावा ने बताया कि व्यापारी मूल रूप से नागौर का निवासी है और करीब दो महीने पहले अपने गृहनगर आया था। इस दौरान उसका रिश्तेदार हरेंद्र कुमार उसे शहर घूमाने के बहाने अपने दोस्त महेंद्र भाटी के किराए के कमरे पर ले गया। वहां व्यापारी को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गया।
कुछ दिन बाद महेंद्र और बीकानेर निवासी युवती ने व्यापारी को वीडियो कॉल कर उसका अश्लील वीडियो दिखाया और सार्वजनिक करने की धमकी दी। सामाजिक बदनामी के डर से व्यापारी ने पहले ही चार लाख रुपये आरोपियों को दे दिए। इसके बाद भी आरोपियों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों और व्हाट्सऐप के जरिए 50 लाख रुपये की और मांग शुरू कर दी। व्यापारी ने आखिरकार हिम्मत दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

