SMS अस्पताल ट्रोमा आग प्रकरण में सरकार की बड़ी कार्रवाई,कईयों पर गिरी गाज
दैनिक खबरां,जयपुर। सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में आग की घटना के बाद राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से सख्त कदम उठाए हैं। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सुशील भाटी और ट्रोमा सेंटर अधीक्षक डॉ. अनुराग धाकड़ को पद से हटा दिया गया है, जबकि अधिशाषी अभियंता मुकेश सिंघल को निलंबित किया गया है। फायर सेफ्टी संभाल रही एस.के. इलेक्ट्रिक कंपनी की निविदा रद्द कर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार देर रात तीन बजे ही अस्पताल पहुंचे थे और मौके पर अधिकारियों को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। सरकार ने अब एसएमएस अस्पताल का कार्यभार डॉ. मृणाल जोशी और ट्रोमा सेंटर का कार्यभार डॉ. बी.एल. यादव को सौंपा है।
इससे पहले चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने ट्रोमा सेंटर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

