गहलोत के मंत्री ने खोया आपा, बीकानेर कलेक्टर को भरी सभा में लगाई फटकार, आईएएस लॉबी में रोष, मंत्री जी की हो रही प्रदेशभर में किरकिरी!

बीकानेर

गहलोत के मंत्री ने खोया आपा, बीकानेर कलेक्टर को भरी सभा में लगाई फटकार, आईएएस लॉबी में रोष, मंत्री जी की हो रही प्रदेशभर में किरकिरी!

बीकानेर@दैनिक खबरां। पंचायती राज मंत्री रमेश मीणा आज बीकानेर दौरे पर रहे। इस दौरान वे राजिविका के स्वयं सहायता समूहों के संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान एक अजीब वाकया हुआ और मंत्री मीणा कलेक्टर पर नाराज हो गए। उन्होंने कलेक्टर से कहा, आप यहां से जाइए। कलेक्टर बाहर चले गए, बाद में लोगों के बुलाने पर वापस आ गए।

दरअसल, सोमवार सुबह बीकानेर के रविंद्र रंगमंच पर चल रहे कार्यक्रम के दौरान मीणा सरकार की योजनाओं के बारे में बोल रहे थे। इस दौरान मीणा ने पीछे मुड़कर देखा तो कलेक्टर मोबाइल फोन पर बात कर रहे थे। मीणा ने कहा, हम सरकार की योजनाओं पर बात कर रहे हैं। आप हमारी बात क्यों नहीं सुन रहे हैं। क्या इस सरकार पर ब्यूरोक्रेट इतने हावी हो गए हैं। इस पर कलेक्टर उठकर जाने लगे। मंत्री ने भी कह दिया, आप यहां से जाइए। इसके बाद कुछ अन्य लोगों ने कॉल किया और कलेक्टर को वापस बुलाया।

मैं पहली बार मिला..

बाद में मंत्री मीणा ने कहा, कलेक्टर के कामकाज की समीक्षा तो मीटिंग में होगी। हम अच्छा या बुरा तो नहीं जानते, लेकिन कैसा काम किया, ये मीटिंग में पता चलेगा। मैं पहली बार इन कलेक्टर से मिला हूं। अभी तो फोन का इश्यू था, जिस पर उनको कहना पड़ा।

महिलाओं से कर रहे थे संवाद…

दरअसल, मंत्री मीणा राजीविका योजना के तहत लाभ ले रही महिलाओं से संवाद कर रहे थे। रविंद्र रंगमंच पर करीब 200 महिलाएं आई हुई थीं। मंत्री सरकार की योजनाओं के बारे में बताते हुए महिलाओं से पूछ भी रहे थे कि वो क्या काम कर रही हैं। अब तक उन्हें क्या लाभ हुआ है। मीणा ने बहुत कुछ ब्यूरोक्रेसी पर कहा, लेकिन कलेक्टर ने एक शब्द भी नहीं बोला। वो उठे और हॉल से बाहर निकल गए। ये विवाद होने के बाद भी कलेक्टर की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई।