राहुल की सांसदी खत्म करने के विरोध में गहलोत पहुंचे दिल्ली, कांग्रेस का संकल्प सत्याग्रह आज गहलोत दिल्ली में देंगे धरना..

नई दिल्ली

राहुल की सांसदी खत्म करने के विरोध में गहलोत पहुंचे दिल्ली, कांग्रेस का संकल्प सत्याग्रह आज गहलोत दिल्ली में देंगे धरना..

दैनिक खबरां नेटवर्क। राहुल गांधी को लोकसभा सदस्यता के अयोग्य ठहराकर उनकी सांसदी खत्म करने के विरोध में रविवार को कांग्रेस पार्टी के संकल्प सत्याग्रह में हिस्सा लेने सीएम गहलोत दिल्ली में राजघाट पर सुबह 11:30 बजे से पहुंचेंगे। गहलोत का सुबह 10 बजे जयपुर से रवाना होकर 11:15 बजे दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है।

सूरत की कोर्ट से दो साल की सजा मिलने के बाद लोकसभा सचिवालय के नोटिफिकेशन के बाद राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता छीनने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। इसलिए अलग-अलग राज्यों में कांग्रेस पार्टी ने इस सत्याग्रह के जरिए गांधीवादी तरीके से धरना देकर केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का निर्णय लिया है। जयपुर में कलेक्ट्री सर्किल पर रविवार सुबह 10 बजे से कार्यकर्ताओं को पहुंचने को कहा गया है।

षड्यंत्र के तहत विपक्ष के नेताओं पर कार्रवाई के आरोप

जयपुर में रविवार को कलेक्ट्री सर्किल, बनीपार्क पर कांग्रेस पार्टी सत्याग्रह करेगी। सुबह 10 बजे सभी कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट पहुंचने को कहा गया है। जयपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा है कि राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द करने के भाजपाई षड्यंत्र और अलोकतांत्रिक कामों के खिलाफ राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कलेक्ट्री सर्किल पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र के समक्ष सुबह 10 से शाम 5 बजे तक सत्याग्रह आयोजित होगा।

इन नेताओं को सत्याग्रह में किया गया आमंत्रित

कांग्रेस पार्टी के इस सत्याग्रह में जयपुर शहर के पार्टी विधायक, विधायक प्रत्याशी, सांसद प्रत्याशी, बोर्ड, निगम और आयोगों के चेयरमैन, पीसीसी मेंबर, जिला कार्यकारिणी पदाधिकारी, ब्लॉक-अध्यक्ष, मंडल-अध्यक्ष, वार्ड-अध्यक्ष, मेयर-डिप्टी मेयर सहित सभी 250 वार्डों के पार्षद और पार्षद प्रत्याशी, सभी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष और जयपुर शहर के सभी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को शामिल होने को कहा गया है।

केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ माहौल तैयार करेगी कांग्रेस

केंद्र की बीजेपी सरकार के खिलाफ माहौल तैयार करने और कांग्रेस नेता पर हुई कार्रवाई को जनता के बीच भुनाने में अब कांग्रेस पार्टी जुट गई है। कांग्रेस चाहती है कि राजस्थान में चुनावी साल में इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाया जाए।

कांग्रेसी आरोप लगा रही है कि सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग केंद्र की बीजेपी और सरकार लगातार कर रही है। महंगाई, बेरोजगारी और देश के ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने और विपक्ष को कुचलने के लिए यह सब किया जा रहा है। मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने सभी कांग्रेसी नेताओं, कार्यकर्ताओं को ज्यादा से ज्यादा संख्या में अनिवार्य रूप से सत्याग्रह धरने में पहुंचने को कहा है।