गंगाशहर थाना शर्मसार, एएसआई 10 हजार की रिश्वत लेते हुआ गिरफ्तार

पुलिस कार्रवाई बीकानेर बीकानेर जिला प्रशासन बीकानेर पुलिस राजस्थान

गंगाशहर थाना शर्मसार, एएसआई 10 हजार की रिश्वत लेते हुआ गिरफ्तार

बीकानेर। शहर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए गंगाशहर थाने में तैनात एएसआई अरुण मिश्रा को रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा है। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार मय टीम ने गुरुवार शाम ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। इस दौरान एएसआई अरुण मिश्रा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया।

एसीबी के अनुसार बीकानेर निवासी गौरीशंकर सोनी ने चार दिन पहले शिकायत दर्ज कराई थी कि एएसआई अरुण मिश्रा उस पर मारपीट के एक मामले में 50 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहा है। परिवादी ने बताया कि नोखा निवासी मनोज सोनी से उसके पैसों का लेन-देन था। इसी प्रकरण में अरुण मिश्रा ने फोन कर कहा कि उसके खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज हुई है और मुकदमा दर्ज होगा।

जब परिवादी एएसआई से मिलने पहुंचा तो उसने एटीएम से 50 हजार रुपए निकालकर लाने की मांग की। शिकायत पर एसीबी ने सत्यापन कराया, जिसमें यह साबित हुआ कि अरुण मिश्रा ने 10 हजार रुपए की मांग की थी। गुरुवार शाम जैसे ही परिवादी ने 10 हजार रुपए दिए, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर एएसआई को रंगे हाथों पकड़ लिया। एसीबी को देख मिश्रा ने रुपए नीचे फेंक दिए, लेकिन पूरी कार्रवाई वीडियो रिकॉर्डिंग में कैद हो चुकी थी। बाद में उन्हीं से रुपए गिनवाए गए।