सुबह-सुबह राहगीरों का शिकार करने वाली गैंग का गंगाशहर पुलिस नें 24 घंटे में किया खुलासा, तीन बदमाश पकड़े,20 वारदातें कबूली..

बीकानेर

सुबह-सुबह राहगीरों का शिकार करने वाली गैंग का गंगाशहर पुलिस नें 24 घंटे में किया खुलासा, तीन बदमाश पकड़े,20 वारदातें कबूली..

दैनिक खबरां, बीकानेर। बीकानेर शहर में लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं पर नकेल कसते हुए गंगाशहर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई थानाधिकारी परमेश्वर सुथार के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में समीर उर्फ़ बचीया पुत्र अयूब अली निवासी सर्वोदय बस्ती,वसीम पुत्र सफी मोहम्मद निवासी लूणकरणसर,हाल बजरंग धोरा, दीपक पुत्र कालूराम निवासी फड़बाजार शामिल हैं। वहीं गैंग का चौथा सदस्य अल्ताफ फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस की विशेष टीम लगा दी गई है।

पीड़ित से मारपीट कर 20 हजार की लूट
घटना 26 नवंबर की है, जब सरस्वती नगर निवासी खलील अहमद से घड़सीसर रोड पर मारपीट कर 20 हजार रुपये लूट लिए गए। मामले की शिकायत गंगाशहर थाने में दर्ज होते ही पुलिस सक्रिय हुई और महज 24 घंटे में तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

20 से अधिक वारदातों का खुलासा
सीआई परमेश्वर सुथार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में गैंग ने शहर में करीब 20 झपटमारी की वारदातें करने की बात स्वीकार की है। यह गिरोह सुबह करीब 5 बजे किसी अकेले राहगीर को “आधार कार्ड दिखाने” का झांसा देकर रोकता और बातचीत के दौरान लूटकर फरार हो जाता था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से और भी वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी अल्ताफ की तलाश में विशेष टीम जुटी हुई है। पुलिस का मानना है कि इस गैंग की गिरफ्तारी से शहर में झपटमारी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी।