दुर्गा पंडाल में लगी विकराल आग, 5 की मौत व 41 गंभीर घायल..
उत्तर प्रदेश के भदोही में रविवार शाम को भीषण हादसा हो गया। यहां एक दुर्गा पंडाल में आग लगने से अब तक 5 लोगों की मौत हो गई। इनमें 3 बच्चे और 2 महिला शामिल हैं। वहीं 41 की हालत गंभीर है। इनके अलावा 11 लोग मामूली रूप झुलसे हैं। इन सभी को वाराणसी के BHU रेफर किया गया है। हादसा औराई क्षेत्र के नरथुआ में हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त पंडाल में करीब डेढ़ सौ लोग मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक, आग उस समय लगी जब पंडाल में शंकर और काली मां के नाटक का मंचन चल रहा था। इससे अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। भीड़ ज्यादा होने की वजह से लोग जब तक बाहर निकलते, उससे पहले आग की चपेट में आ गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह से लोगों को बाहर निकाला। एक प्रत्यक्षदर्शी महिला बुद्धी ने बताया कि शॉर्ट-सर्किट की वजह से आग लगी। इसके बाद पूरे पंडाल में फैल गई।
बताया जा रहा है कि अंदर माता जी की गुफा जैसा पंडाल था। एक तरफ माता जी की मूर्ति लगी थी। प्रत्यक्षदर्शी विनय कहते हैं, शंकर और काली मां की लीला का मंचन हो रहा था। आरती का समय हो चला था। इसलिए पंडाल में 150 से 200 लोग मौजूद थे। अचानक आग लग जाती है। आग देखकर हम लोग दौड़कर पहुंचे। पर्दा खींचकर फाड़ दिए, ताकि लोग बाहर भाग सकें।

