महिला ने की आत्महत्या
हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था, और नवविवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान….
हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था
नवविवाहिता ने फंदा लगाकर दी जान
आत्महत्या
पुलिस कार्रवाई
अजमेर, @Dainikkhabraan। पीसांगन थानांतर्गत पिचोलिया में 22 वर्षीय नवविवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने मृतका के पिता की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए पीसांगन स्थित मोर्चरी में एसडीएम की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव ससुराल पक्ष को सौंपा। सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी प्रियंका बडग़ूजर चिकित्सालय पहुंची, जिन्होंने मृतका के पीहर व ससुराल पक्ष के लोगों से बातचीत की, लेकिन फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई है।
थानाधिकारी नरपतराम बाना के मुताबिक पिचोलिया निवासी शिवकरण जाट की 22 वर्षीय पुत्री पूजा ने आत्महत्या कर ली। पूजा का गत 3 मई को जेठाना निवासी प्रदीप पुत्र गोपाल जाट के साथ हिंदू रीति रिवाज के अनुसार विवाह संपन्न हुआ।
करीब 10 दिन पूर्व पूजा ससुराल से पीहर लौटी और 3-4 दिनों से गुमशुम थी। बीती शाम को खाना खाने के बाद वह कमरे में चली गई। उस दरमियान करीब एक घंटे बाद किसी कारणवंश परिजनों ने पूजा को आवाज लगाई। कमरे में से कोई जवाब नहीं मिलने पर परिजन उसके कमरे में गए। जहां पूजा फांसी का फंदा लगाकर पंखे से झूलती हुई मिली।
इस पर परिजनों ने तत्काल पूजा को फांसी के फंदे से नीचे उतार कर पुष्कर चिकित्सालय के लिए लेकर रवाना हुए, लेकिन पूजा को मृत हालत में देखते हुए परिजन बीच रास्ते से वापस लौट गए और पीसांगन पुलिस को सूचना देते हुए शव को पीसांगन मोर्चरी लेकर पहुंचे। वहीं, थानाधिकारी नरपतराम बाना, एएसआई हजारीलाल मीणा, सोहन काठात मय जाब्ता अस्पताल पहुंचे और मृतका के पिता की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए मेडिकल बोर्ड से मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव ससुराल पक्ष के सुपुर्द किया। वहीं, मौके पर पहुंची उपखंड अधिकारी प्रियंका बडग़ूजर ने मृतका पूजा के ससुराल व पीहर पक्ष के लोगों से बातचीत की। फिलहाल मृतका के पीहर पक्ष व ससुराल पक्ष की ओर से पुलिस में किसी भी प्रकार की कोई आपत्ति दर्ज नहीं करवाई गई है।

