बीकानेर में ई-वाहन चालकों को जल्द मिलेगी राहत, शहर में खुलेंगे सरकारी चार्जिंग स्टेशन

बीकानेर विविध समाचार

बीकानेर में ई-वाहन चालकों को जल्द मिलेगी राहत, शहर में खुलेंगे सरकारी चार्जिंग स्टेशन


दैनिक खबरां। बीकानेर में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग लगातार बढ़ता जा रहा है। दुपहिया, तिपहिया और चार पहिया ई-वाहनों की बिक्री में हो रही वृद्धि को देखते हुए अब शहर में सरकारी स्तर पर चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कदम बढ़ा दिए गए हैं। आमजन को जल्द ही इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करने की सार्वजनिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इसके तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में पब्लिक इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाने हैं। इसके लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान का कार्य शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ऐसे स्थानों का चयन करेगा जहां आम लोगों को आसानी से चार्जिंग सुविधा मिल सके।


प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के अंतर्गत यह पहल की जा रही है। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने नगर निगम आयुक्त मयंक मनीष को इस योजना के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। नगर निगम और संबंधित विभाग मिलकर चार्जिंग स्टेशन स्थापना की प्रक्रिया को आगे बढ़ाएंगे।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन देने और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की जिम्मेदारी राजस्थान नवीकरणीय ऊर्जा निगम लिमिटेड (आरआरईसीएल) को सौंपी गई है। आरआरईसीएल की निगरानी में ही प्रदेश के विभिन्न जिलों में सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
योजना के तहत देशभर में चार्जिंग नेटवर्क के विस्तार के लिए करीब 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अंतर्गत इलेक्ट्रिक कारों के लिए 22,100 फास्ट चार्जर, ई-बसों के लिए 1,800 चार्जर और दोपहिया व तिपहिया वाहनों के लिए लगभग 48,400 फास्ट चार्जर लगाने का लक्ष्य रखा गया है।


तेजी से बढ़ रही ई-वाहनों की संख्या
देशभर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। नवंबर 2021 में जहां ई-वाहनों की संख्या करीब 8.46 लाख थी, वहीं अगस्त 2023 तक यह आंकड़ा 28 लाख से अधिक पहुंच गया। वित्तीय वर्ष 2023-24 में लगभग 16.8 लाख इलेक्ट्रिक वाहन बिके, जबकि वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 20 लाख के पार चला गया। सरकार की नीतियों के चलते आने वाले वर्षों में ई-वाहनों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।


इन स्थानों को दी जाएगी प्राथमिकता
चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए प्रशासन द्वारा कुछ मानदंड तय किए गए हैं। इनमें सार्वजनिक पार्किंग स्थल, वाणिज्यिक क्षेत्र, पेट्रोल पंपों के आसपास और परिवहन केन्द्रों के नजदीक के स्थान शामिल हैं। इसके अलावा—
चार्जिंग उपकरण और ट्रांसफार्मर के लिए पर्याप्त खुली जगह
11 केवी या 33 केवी फीडर के समीप सुरक्षित विद्युत आपूर्ति
पर्याप्त रोशनी, अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन
भविष्य में चार्जिंग क्षमता बढ़ाने की संभावना वाले स्थल