रोडवेज में बुजुर्गों को किराए में मिलेगी 50 प्रतिशत छूट, आज रात 12 बजे से मिलने लगेगी रियायत, रोडवेज ने जारी किए आदेश

जयपुर राजस्थान राज्य

रोडवेज में बुजुर्गों को किराए में मिलेगी 50 प्रतिशत छूट, आज रात 12 बजे से मिलने लगेगी रियायत, रोडवेज ने जारी किए आदेश

जयपुरहैं राजस्थान रोडवेज की सभी श्रेणियों की बसों में अब महिलाओं के बाद बुजुर्गों को भी किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी। बुजुर्गों को यह छूट आज रात 12 बजे से मिलने लगेगी। बजट घोषणा की अनुपालना में रोडवेज प्रबंधन ने आज इसके आदेश जारी कर दिए हैं।

दरअसल, राज्य सरकार ने बजट (लेखा-अनुदान मांग) में बुर्जुर्गों को रोडवेज में 50 प्रतिशत किराए में छूट देने की घोषणा की थी। बुजुर्गों को रोडवेज बसों में अभी तक 30 प्रतिशत किराए में छूट मिल रही थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 50 प्रतिशत कर दिया गया है।

इस आदेश के बाद रोडवेज में महिलाओं के बाद बुजुर्ग ऐसा दूसरा वर्ग होगा, जिसे 50 प्रतिशत छूट मिलेगी। अभी तक रोडवेज में केवल महिलाओं को ही किराए में 50 प्रतिशत छूट मिल रही थी। यह छूट 60 साल से 80 साल के बुजुर्गों को मिलेगी।

रूट पर निकल चुकी बसों में नहीं मिलेगी फिलहाल छूट
रोडवेज प्रबंधन के आदेश के बाद आज रात 12 बजे से ही रोडवेज बस स्टैण्ड के टिकट काउंटर, आरएसआरटीसी के मोबाइल ऐप और रात 12 बजे बाद चलने वाली बसों में बुर्जुर्गों को किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिलने लगेगी। लेकिन जो बसें पहले से ही रूट पर हैं। उनमें फिलहाल आज रात 12 बजे से यह छूट नहीं मिल पाएगी।

दरअसल रोडवेज बस के अंदर परिचालक ईटीआईएम मशीन से टिकट जारी करता हैं। ऐसे में जो बसें पहले से रूट पर हैं। उनकी मशीनों को डिपो में लौटने के बाद ही अपडेट किया जा सकेगा। रोडवेज अधिकारियों के अनुसार जैसे-जैसे रूट की बसें डिपो में लौटेगी। मशीनों को छूट के हिसाब से अपडेट कर दिया जाएगा।

रोडवेज में अधिकतर बसें लंबे रूट की हैं। ऐसे में लंबे रूट की जो बसें आज रूट पर निकल चुकी हैं। वो दो से तीन दिन में वापस लौटेगी।

महिलाओं को मई 2023 से मिल रही है 50 प्रतिशत छूट
रोडवेज बसों में बुर्जुर्गों से पहले महिलाओं और बालिकाओं को मई 2023 से किराए में 50 प्रतिशत की छूट मिल रही हैं। तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसकी घोषणा मई 2023 में सिंधी कैंप बस स्टैण्ड के नए टर्मिनल के उद्घाटन के समय की थी। घोषणा के तुरंत बाद ही रोडवेज ने इसे लागू कर दिया था। वहीं अब बजट घोषणा के बाद बुर्जुर्गों को किराए में 50 प्रतिशत छूट के आदेश जारी कर दिए गए हैं