बाईक चोरों के पीछे लगी डीएसटी, तीन शातिर चोर डेढ़ दर्जन मोटरसाइकिलों के साथ चढ़े हत्थे,डीएसटी के लखविंद्र की रही विशेष भूमिका..
बीकानेर@दैनिक ख़बरां। बीकानेर में हर रोज हो रही बाईक चोरी की घटनाओं के बीच बीकानेर पुलिस की कार्रवाई से आमजन ने राहत की सांस ली है। जंहा जिला स्पेशल पुलिस (डीएसटी) के खुफिया इनपुट पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए तीन शातिर बाईक चोरों को दबोच कर करीब 18 मोटरसाइकिलो को जब्त किया है। पकड़े गए तीनो चोर नयाशहर थाना क्षेत्र के रहने वाले है और तीनो की उम्र तकरीबन 20 वर्ष है। इन शातिर चोरों को पकड़ने में मुख्य भूमिका डीएसटी के लखविंद्र सिंह की रही।
एसपी योगेश यादव ने डीएसटी टीम को मोटर साईकिल चोरी की वारदातों के खुलासा करने के निर्देश दिये गये थे। इस टीम ने बीकानेर शहर व आस पास के गांवों में मोटर साईकिल चोरी के आदतन अपराधियों व उनसे जुडे संदिग्ध युवकों पर नजर रखनी शुरू की। डीएसटी टीम के लखविंद्र ने चोरों की गैंग को पकड़ने के लिए पूरे गेम प्लान के साथ नजर रखी इस दौरान तकनीकी संसाधनों व शोशल मीडिया की मदद से कुछ संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की तो दो शातिर चोरों के रहन सहन के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद लखविंद्र सिंह ने उनकी कुंडली खंगाली और अपने आला अधिकारियों को इस बाबत सूचना दी। लखविन्द्र सिंह की रिपोर्ट पर दिनेश कुमार, पवन, अक्षय जोशी को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। काफी लंबी पूछताछ के बाद इन तीनों ने चोरी करना स्वीकार किया है। 14 अक्टूबर की रात राम मंदिर पार्क के पास स्थित सरस डेयरी बूथ से चोरी करना स्वीकार किया। इस मामले में युवकों को गिरफतार कर सख्ती से पूछताछ पर शहर के अलग-अलग एरिया में मोटर साईकिल चोरी व राह चलते लोगों से मोबाईल व पैसे छीनने व अन्य बड़ी वारदातें करना स्वीकार किया है।
ये है शातिर चोर
पकड़े गए चोरों की पहचान मुरलीधर व्यास कॉलोनी में रहने वाले अक्षय जोशी पुत्र शिवकुमार जोशी उम्र 20 साल लिटिल स्कूल के सामने वाली गली, पवन पुत्र किशन लाल जाति नाई उम्र 20 साल सारण पेट्रोल पम्प के पीछे और दिनेश कुमार पुत्र राजूराम जाति नायक उम्र 18 वर्ष नायकों का मोहल्ला रामदेव मंदिर के सामने वाली गली चौक का रहने वाला है।
ऐसे उठाते थे बाईक..
पीबीएम अस्पताल और ऐसे भीड़भाड़ वाले एरिया से ये तीनों मिलकर बाइक चोरी करते थे। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिये अपना मुंह कपड़े से ढक कर रखते अपनी पहचान छुपाकर वारदात को अंजाम देते थे। ये शातिर चोर अपने पास मास्टर चाबी रखते हैं, जैसे ही मोटरसाइकिल में मास्टर चाबी लगती, लेकर फरार हो जाते हैं। कुछ दिन तक मोटर साइकिल छिपाकर रखने के बाद ग्राहक तलाशकर बेच देते। इन्हीं युवकों ने लोगों से मोबाइल और रुपए छीनने जैसी घटनाओं को भी अंजाम दिया है। जिन लोगों ने इन युवकों से कम दाम पर बाइक बेचना स्वीकार किया है, अब उन्हें भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। गौरतलब है, बीकानेर में औसतन हर महीने पंद्रह से बीस बाइक चोरी हो रही है। पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार युवकों से कुछ और बाइक्स बरामद हो सकती है।
कार्यवाही में ये रहे शामिल..
इस कार्रवाई में डीएसटी टीम के कांस्टेबल लखविन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही। इसके अलावा सीआई मनोज शर्मा, सीआई महेन्द्र दत्त शर्मा, सीआई वेदपाल शिवरान, एएसआई रामकरण सिंह, हेड कांस्टेबल सुरेश यादव, अब्दुल सतार, कानदान, महावीर, दीपक यादव दलीप सिंह, साहब राम डूडी भी इस टीम में शामिल रहे।

