डोटासरा का बीकानेर दौरा : डॉ कल्ला से नहीं मिले, कल्ला खेमे में नाराज़गी,महज़ संयोग या फिर सियासत का संकेत?

बीकानेर राजनीति राजस्थान

डोटासरा का बीकानेर दौरा : डॉ कल्ला से नहीं मिले, कल्ला खेमे में नाराज़गी,महज़ संयोग या फिर सियासत का संकेत?

दैनिक खबरां,बीकानेर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा रविवार को बीकानेर प्रवास पर रहे। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी के स्वास्थ्य की जानकारी लेने उनके परिजनों से भेंट की।

लेकिन इस दौरे में पूर्व मंत्री डॉ बी कल्ला के यहां नहीं जाने पर राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। दरअसल, डॉ कल्ला के भाई और पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष जनार्दन कल्ला की पत्नी का हाल ही में निधन हुआ था। कांग्रेसजनों को उम्मीद थी कि प्रदेश अध्यक्ष संवेदना प्रकट करने कल्ला परिवार से भी मिलेंगे। मगर डोटासरा बिना कल्ला परिवार से मिले ही बीकानेर से रवाना हो गए। इस बात को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और शहरवासियों के बीच चर्चा का दौर शुरू हो गया है।

इस घटनाक्रम से नाराज होकर कल्ला खेमे से जुड़े जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव नितिन वत्स ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वत्स के इस्तीफे से कांग्रेस के अंदरूनी खेमेबाज़ी और खुलकर सामने आ गई है। राजनीतिक गलियारों में अब यही सवाल उठ रहा है कि क्या यह महज़ संयोग था या फिर सियासत का संकेत? यह तो आने वाले वक्त में पता चल पाएगा।