मूंगफली खरीद में हो रही परेशानियों को लेकर जिला कांग्रेस देहात ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

बीकानेर

मूंगफली खरीद में हो रही परेशानियों को लेकर जिला कांग्रेस देहात ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

दैनिक खबरां,बीकानेर। जिला कांग्रेस कमेटी देहात के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मूंगफली खरीद में किसानों को हो रही गंभीर समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में जिला प्रमुख मोडाराम मेघवाल, देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा, जिला संगठन महामंत्री मार्शल प्रहलादसिंह सहित देहात कांग्रेस के कई पदाधिकारी शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन में बताया कि वर्तमान खरीफ सीजन में किसानों को सरकारी एमएसपी पर मूंगफली बेचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। किसानों की समस्याओं को देखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन में तीन प्रमुख माँगें रखीं—

प्रमुख माँगें:

1. मूंगफली की सरकारी खरीद शीघ्र प्रारंभ की जाए, ताकि किसानों को उचित मूल्य मिल सके।


2. खरीद केंद्रों पर बिजली व पानी के बिलों की अनिवार्यता तुरंत समाप्त की जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिले।


3. गिरदावरी में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की जाए, और जिन किसानों की फसल सत्यापित मिले, उन्हें तुरंत सरकारी खरीद सूची में शामिल किया जाए।

देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने चेतावनी दी कि यदि आगामी पाँच दिनों में इन न्यायसंगत माँगों पर कार्यवाही नहीं की गई, तो किसानों के साथ मिलकर जिला मुख्यालय पर विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई में हर स्तर पर साथ खड़ी है और प्रशासन को समस्याओं का त्वरित समाधान करना चाहिए।