दूसरी लिस्ट आने के बाद भाजपा-कांग्रेस में कलह : बीकानेर में शिक्षा मंत्री के टिकट का विरोध, उदयपुर में भाजपा नेता बोले- ताराचंद मंजूर नहीं

Uncategorized राजनीति राजस्थान

दूसरी लिस्ट आने के बाद भाजपा-कांग्रेस में कलह : बीकानेर में शिक्षा मंत्री के टिकट का विरोध, उदयपुर में भाजपा नेता बोले- ताराचंद मंजूर नहीं

जयपुर। भाजपा के बाद अब कांग्रेस में भी दूसरी लिस्ट जारी होने के साथ विरोध शुरू हो गया। बीकानेर पश्चिम सीट से शिक्षा मंत्री डॉ. बीडी कल्ला को टिकट देने से नाराज विप्र कल्याण बोर्ड के सदस्य ने इस्तीफा दे दिया। वहीं बीकानेर पूर्व से सिद्धि कुमारी को फिर प्रत्याशी बनाने पर प्रदर्शन का ऐलान किया। उदयपुर शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी ताराचंद जैन के विरोध में रैली निकाली।

पार्टी किसी को भी टिकट दे ताराचंद मंजूर नहीं
उदयपुर शहर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी ताराचंद जैन के विरोध में भाजपा के उदयपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर पारस सिंघवी अब खुलकर विरोध कर रहे हैं। सिंघवी के नेतृत्व में उनके समर्थकों ने सोमवार को टाउनहॉल से स्वाभिमान रैली निकाली।

पुलिस अधिकारियों ने कहा- रैली को लेकर स्वीकृति नहीं है। ऐसे में आप सहयोग करें, अभी आचार संहिता लगी हुई है। इसके बाद समर्थकों ने ‘ताराचंद मंजूर नहीं’ की नारेबाजी भी की। रैली को लेकर पारस सिंघवी ने कहा- प्रशासन को लिखित में स्वीकृति के लिए सुबह पत्र दिया था। उनकी पार्टी से एक ही मांग है कि भाजपा विरोधी व्यक्ति को टिकट न दी जाए। फिर चाहे पार्टी किसी को भी टिकट दे दे। उन्होंने कहा कि उन्हें ताराचंद जैन का नाम बिल्कुल भी मंजूर नहीं है।

सिंघवी ने कहा कि वे कांग्रेस में नहीं जा रहे हैं, लेकिन उनके सामने सारे रास्ते खुले हैं और वे अपनों के बीच बैठकर निर्णय करेंगे। उन्होंने कहा कि मैं अभी भी पार्टी के साथ हूं, पार्टी के शीर्ष नेताओं से आग्रह है कि उदयपुर के निर्णय पर फिर से विचार करें।

कांग्रेस पार्टी को बीकानेर से हराकर भेजूंगा
बीकानेर पश्चिम सीट से डॉ. बीडी कल्ला के विरोध में राजकुमार किराडू ने विप्र बोर्ड सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा है कि पार्टी ने 10वीं बार डॉ. बीडी कल्ला को टिकट दिया है। मैं कांग्रेस पार्टी के इस निर्णय से सख्त नाराज हूं और राजीव गांधी पंचायती संगठन के राष्ट्रीय महासचिव पद से भी इस्तीफा देता हूं।

मेरे से जितना बन पड़ेगा, इस कांग्रेस पार्टी को बीकानेर से हराकर भेजूंगा। उन्होंने कहा- ये कांग्रेस पार्टी के लिए शर्म की बात है कि जमीनी कार्यकर्ता को ही तवज्जो नहीं दी जा रही है।

सिद्धि कुमारी के खिलाफ रांका
उधर, बीकानेर पूर्व में भाजपा ने एक बार फिर सिद्धि कुमारी पर भरोसा किया तो पार्टी के अन्य दावेदारों में विरोध शुरू हाे गया। नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष महावीर रांका ने समर्थकों के साथ बैठक कर विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा- अब वे शक्ति प्रदर्शन करेंगे और विरोध दर्ज कराएंगे।

भाजपा में आसींद और मांडलगढ़ सीट पर भी विरोध हो रहा है। आसींद सीट पर गुलाबपुरा नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन धनराज गुर्जर​​​​​​ के समर्थकों ने भाजपा प्रत्याशी जब्बर सिंह के खिलाफ विरोध किया। वहीं मांडलगढ़ से गोपाल खंडेलवाल को टिकट मिलने पर भाजपा नेता शक्ति सिंह हाडा और उनके समर्थक विरोध में उतर आए हैं। दोनों ही नेताओं के समर्थकों ने टिकट बदलने की मांग की है।

‘भाजपा से बैर नहीं, जब्बर सिंह की खैर नहीं’ के लगे नारे
गुलाबपुरा नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन धनराज गुर्जर और उनके कार्यकर्ता भी आसींद सीट से जब्बर सिंह को टिकट मिलने के बाद विरोध में उतर आए हैं। कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया, जिसमें ‘भाजपा से बैर नहीं, जब्बर सिंह की खैर नहीं’ के नारे लगाए गए। टिकट के लिए धनराज गुर्जर ने भी आसींद सीट से दावेदारी की थी।

चाकसू में भाजपा प्रत्याशी का विरोध
चाकसू में भाजपा प्रत्याशी रामावतार बैरवा को लेकर भी विरोध शुरू हो गया है। चाकसू से बड़ी संख्या में जयपुर पहुंचे कार्यकर्ताओं ने बीजेपी प्रदेश मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता रामावतार भगाओ, चाकसू बचाओ की तख्तियां लेकर पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि जिसे पार्टी ने टिकट दिया है, वह जिताऊ उम्मीदवार नहीं है। क्षेत्र की जनता से रामावतार बैरवा का कोई जुड़ाव नहीं है। यह व्यक्ति संगठन के विपरीत रहता है। ऐसे व्यक्ति को टिकट देने का पार्टी का निर्णय गलत है। प्रदर्शन में चाकसू मंडल अध्यक्ष अमित निमोडिया के साथ चाकसू विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष, पन्ना प्रमुख और शक्ति केंद्र से जुड़े कार्यकर्ता शामिल हुए।