जयपुर-अजमेर हाईवे पर तबाही! LPG ट्रक में विस्फोटों से मचा हाहाकार,10 किमी दूर तक गूंजे धमाके

जयपुर राजस्थान

जयपुर-अजमेर हाईवे पर तबाही! LPG ट्रक में विस्फोटों से मचा हाहाकार,10 किमी दूर तक गूंजे धमाके

जयपुर। मंगलवार देर रात जयपुर-अजमेर हाईवे पर दूदू के पास मौजमाबाद में हुए भीषण हादसे ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है । एलपीजी गैस सिलेंडर से भरे ट्रक को दूध के टैंकर ने टक्कर मार दी, जिसके बाद ट्रक में आग लग गई और एक-एक कर सिलेंडरों में धमाके होने लगे। धमाकों की आवाजें 10 किलोमीटर दूर तक सुनाई दीं, जबकि आग की लपटें भी दूर-दूर से दिखाई दे रही थीं। सिलेंडर फटकर खेतों और सड़क किनारे 200 मीटर तक जा गिरे। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग झुलसकर घायल हो गए।

टक्कर से पलटा ट्रक, लगी भीषण आग
रात करीब 10 बजे सावरदा-गिडानी के बीच बालाजी धर्मकांटा के पास एलपीजी सिलेंडर से भरा ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। तभी अवैध कट से टर्न लेते हुए पीछे से तेज रफ्तार दूध टैंकर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक पलट गया और तुरंत आग की लपटों में घिर गया।



दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर, ट्रैफिक डायवर्ट
आग की सूचना मिलते ही दमकल की 7 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारी दीपक खंडेलवाल ने दोनों ओर का ट्रैफिक रोक दिया। हादसे के कारण हाईवे पर करीब 7 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। यातायात को नासनोदा से मौजमाबाद होते हुए दूदू के लिए डायवर्ट किया गया है।

सीएम ने जताया दुख, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सावरदा सिलेंडर हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और विधायक कैलाश वर्मा को मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला कलेक्टर और एसपी को मौके पर रहकर सतर्कता बरतने और हरसंभव मदद सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।

मोखमपुरा पुलिस और प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप को भी एहतियातन खाली करा लिया गया है।