बीकेईएसएल की हिदायत और जागरूकता के बावजूद उपभोक्ता बरत रहे लापरवाही, इन फर्जी संदेशों से रहे सावधान…
बीकानेर। बिजली कंपनी बीकेईएसएल की हिदायत के बावजूद बिजली उपभोक्ता लापरवाही बरत रहे है और
बिजली कनेक्शन काटने के धमकी वाले शातिर ठगों के फर्जी संदेश के बहकावे में आकर ठगे जाते है। हाल ही में ऐसा ही एक ठगी का मामला कोटगेट थाने में दर्ज हुआ है। जिसमे फर्जी सन्देश के बहाने ठगों ने एक वूलन मिल मालिक के बैंक खाते से लाखों की ठगी की कारस्तानी को अंजाम दिया है।
BKESL के कमर्शियल हैड अचिंत्य गोस्वामी ने बताया कि बीकानेर सहित राज्य में बिजली उपभोक्ताओं को बिल बकाया होने का हवाला देते हुए बिजली कनेक्शन काटने के धमकी वाले फर्जी संदेश कुछ दिनों से फिर से भेजे जा रहे है। कोई गिरोह बिजली कम्पनियों के नाम अफवाह फैला रहा है। इस संदर्भ में कंपनी की ओर से समय समय पर उपभोक्ताओं को जागरूक किया जाता रहा है ।
गोस्वामी ने उपभोक्ताओं को सलाह दी कि वे इस तरह की कार्रवाई से बचे। बीकेईएसएल इस तरह के कोई संदेश अपने उपभोक्ताओं को नहीं भेज रहा है ऐसे में उपभोक्ता इन फर्जी संदेशों से सावधान रहे और संदेश में दिए गए मोबाइल नम्बर पर सम्पर्क नहीं करें। वैसे भी बीकेईएसएल बकाया राशि होने पर बिजली कनेक्शन काटने का कोई संदेश अपने उपभोक्ताओं को भेजती है तो उसमें सम्पर्क करने के लिए कोई नम्बर नहीं दिया जाता है।
ऐसे मेसेजों से रहे सावधान..
पता चला है कि बिजली उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे संदेश में कहा जा रहा है ‘प्रिय उपभोक्ता पिछले माह का बिल अपडेट नहीं होने के कारण आपका बिजली कनेक्शन आज रात 9.30 बजे काट दिया जाएगा. आप तत्काल हमारे इलेक्ट्रिसिटी अधिकारी से 6296949091 पर सम्पर्क करें।’ यह संदेश मिलने के बाद जब कुछ उपभोक्ताओं ने इस नम्बरों पर फोन किया तो उनसे कहा गया कि ऑनलाइन भुगतान का वेरिफिकेशन करना है। इन उपभोक्ताओं को प्ले स्टोर पर जाकर कुछ डाउनलोड करने के लिए कहा गया। पिछले दिनों कुछ उपभोक्ताओं के धोखाधडी हो चुकी है। ऐसे में आप सावधान रहें।

