देशनोक नगरपालिका ने CLTC अधिकारी महक पारीक पर जताया भरोसा, आरोप बताए निराधार
दैनिक खबरां,देशनोक। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत कार्यरत CLTC अधिकारी महक पारीक के उत्कृष्ट एवं पारदर्शी कार्यों की देशनोक नगरपालिका ने औपचारिक प्रशंसा की है। नगरपालिका चेयरमैन CA ओमप्रकाश मूंधड़ा द्वारा जिला कलेक्टर बीकानेर को भेजे गए पत्र में महक पारिक को निष्ठावान, ईमानदार, विनम्र और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी बताया गया है।
चेयरमैन ने पत्र में उल्लेख किया कि अपने कार्यकाल के दौरान श्रीमती पारिक ने लाभार्थियों को आवश्यक जानकारी, मदद और मार्गदर्शन प्रदान कर योजना के उद्देश्यों को मजबूती दी है। उनके निर्देशन में योजना से जुड़े कार्यों में सुव्यवस्था, गति और पूर्ण पारदर्शिता आई है। लाभार्थियों के प्रति उनका सहयोगी व्यवहार और दायित्वों का समय पर निर्वहन विशेष रूप से सराहनीय रहा है।
मूंधड़ा ने हाल ही में कुछ राजनीतिक व्यक्तियों द्वारा लगाए गए आरोपों को निराधार, तथ्यहीन और असत्य बताते हुए स्पष्ट किया कि नगरपालिका स्तर पर महक पारिक के खिलाफ न कोई शिकायत प्राप्त हुई है और न ही किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई है। चेयरमैन के अनुसार, वह सदैव नियमों एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन करती आई हैं। नगरपालिका प्रशासन ने महक पारिक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की है कि वह आगे भी इसी उत्कृष्टता और समर्पण के साथ अपनी सेवाएँ देती रहेंगी।

