कार ने आगे चल रही बाइक को मारी टक्कर, हादसे में दंपती और बेटा घायल, तीनों को अस्पताल में कराया भर्ती
हनुमानगढ़। टाउन में जंक्शन रोड पर पीछे से आ रही कार की टक्कर से बाइक सवार दंपती और बेटा घायल हो गए। हादसे में सिर में चोट लगने से गंभीर घायल महिला को प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस मामले में टाउन पुलिस थाने में कार ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। हेड कॉन्स्टेबल सुनील कुमार ने बताया कि सुखमहेन्द्र सिंह (35) पुत्र बलविन्द्र सिंह निवासी वार्ड 4, गांव गुरुसर ने रिपोर्ट दी कि वह रविवार सुबह साढ़े 9 बजे अपनी बाइक से पत्नी जसदीप कौर (32) और बेटा नवजोत सिंह (3) के साथ गुरुसर से जंक्शन की ओर जा रहा था। जब वह जंक्शन रोड स्थित पीरखाना के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही कार का ड्राइवर कार को तेज और लापरवाही से चलाता हुआ लाया और बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर मारकर कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। टक्कर लगने के कारण वे तीनों सड़क पर गिर गए। उसकी बाजू और मुंह पर चोट आई है। उसकी पत्नी जसदीप कौर के सिर में चोट लगी, जिसको गंभीर हालत में श्रीगंगानगर रेफर कर दिया, जहां पर उसका इलाज चल रहा है। हादसे में उसके बेटे को भी गंभीर चोट आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

