कांग्रेस सरकार ने 90 हजार करोड़ का घाटा दिया, सीएम बोले-जो गलत करेगा वो सीबीआई से डरेगा; अब राजस्थान में गैंगवार नहीं चलेगा

जयपुर राजस्थान राज्य

कांग्रेस सरकार ने 90 हजार करोड़ का घाटा दिया, सीएम बोले-जो गलत करेगा वो सीबीआई से डरेगा; अब राजस्थान में गैंगवार नहीं चलेगा

जाेधपुर। सीएम भजनलाल शर्मा का कहना है कि जो गलत काम करेगा, वो सीबीआई से डरेगा। अब राजस्थान में कानून का राज चलेगा, भूमाफियाओं का नहीं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने सीबीआई पर जो रोक लगाई थी, उसे अब हटा दिया गया है।

दरअसल, सीएम बुधवार को जोधपुर दौरे पर थे। उन्होंने रावण का चबूतरा मैदान में शुरू हुए पश्चिमी राजस्थान हस्तशिल्प उद्योग महोत्सव के उद्घाटन के दौरान यह बात कहीं। उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र की सबसे खराब स्थिति की। कांग्रेस सरकार ने 90 हजार करोड़ का घाटा दिया और प्रदेश में जंगलराज की स्थिति कर दी।

पिछली सरकार में ऊर्जा सेक्टर में 90 हजार करोड़ का घाटा

बोरानाड़ा में विकसित भारत संकल्प शिविर में हिस्सा लेने के बाद वे हस्तशिल्प उत्सव के उद्घाटन समारोह में पहुंचें। यहां उन्होंने कहा- लघु उद्योग भारती की स्थापना 1994 में हुई और राजस्थान में इसकी 140 यूनिट इकाईयां है। लघु उद्योग के जरिए पीढी दर पीढी काम का अनुभव मिलता है। वे बोले-विश्वकर्मा योजना के माध्यम से प्रधानमंत्री ने इन कार्यों को आगे लाने का कार्य किया है।

कांग्रेस सरकार ने जंगल राज की स्थिति पैदा की

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने ऊर्जा के क्षेत्र में 90 हजार करोड़ का घाटा दिया है। इसके बावजूद यह वादा है कि हम ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन कर रहेंगे। पिछली सरकार ने जंगल राज की स्थिति पैदा कर दी। माफिया, गैंगवार आदि से पिछली सरकार ने प्रदेश में अशांति का माहौल पैदा किया और पेपर माफियाओं ने युवाओं का भविष्य खराब कर दिया।

हमनें उन युवाओं की तपन को देखा और महसूस किया। हमनें घोषणा पत्र में कहा था कि एसआईटी का गठन करेंगे और सरकार आते ही हमने अपने वादे को पूरा किया। हमने गैंगस्टर के खिलाफ टास्क फोर्स बनाई है और अब यहां गैंगवार नहीं चलेगा।

सीएम बोले- किसी भी योजना में कमी नहीं रखेंगे

विकसित भारत संकल्प शिविर में सीएम ने कहा कि भूमाफियाओं की करतूतों, भ्रष्टाचार, गैंगवार आदि को रोकने के लिए सख्त और प्रभावी प्रयास किए जा रहे है। साथ ही विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों से लोगों को लाभान्वित करने में कहीं कोई कमी नहीं रखी जाएगी। हमारी जिम्मेदारी है कि अंतिम पंक्ति तक बैठे व्यक्ति के जीवन स्तर को ऊंचा उठाएं।

एयरपोर्ट पर पुलिस से उलझे कार्यकर्ता

एयरपोर्ट पर बीजेपी नेताओं के साथ कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सीएम के पहुंचने पर जब कार्यकर्ताओं ने उन तक पहुंचने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया। इससे कार्यकर्ता और पुलिस के जवानों में नोंक-झोंक भी हुई।

बिना परमिशन लगे पोस्टर हटाए गए

सीएम के आने से पहले नगर निगम दक्षिण ने एयरपोर्ट रोड से स्वगत पोस्टर हटाए गए। दक्षिण निगम महापौर वनिता सेठ ने बताया कि बीजेपी के ही कार्यकर्ता गोपाल ​सिंह रूदिया ने सीएम के स्वागत को लेकर पोस्टर लगाए थे, जो बिना परमिशन के थे। महापौर का ये भी कहना था कि बिना परमिशन के बीजेपी संगठन के पोस्टर के ऊपर पोस्टर लगाए गए थे, जिन्हें हटा दिया गया है। बता दें कि अतिक्रमण मामले में रूदिया पर निगम केस भी कर चुका है।