सीएम अशोक गहलोत
सीएम अशोक गहलोत ने फिर लिखा पीएम मोदी को पत्र, अब देशहित में की ये मांग
पहले मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच और दवा योजना, फिर मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना और इसके बाद 2022-23 के बजट में प्रदेश के सभी सरकारी अस्पतालों और चिकित्सा संस्थाओं में ओपीडी के साथ ही आईपीडी को भी पूरी तरह मुफ्त कर दिया। इससे प्रदेश के करोड़ों लोगों की जेब पर विभिन्न बीमारियों के इलाज में होने वाले खर्चे का भार लगभग खत्म हो गया है। अब सीएम गहलोत की कोशिश है कि देश के सभी लोगों को ऐसी बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाओं का कम से कम खर्चे में फायदा मिल सके, इसके लिए उन्होंने कोशिश शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री गहलोत ने इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखा है। पत्र में सीएम गहलोत ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि सभी नागरिकों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ देने वाली ‘आयुष्मान भारत’ योजना के दायरे को और बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की चिरंजीवी योजना की तर्ज पर देश के सभी नागरिकों के लिए 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा और 5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा लागू किया जाए। गहलोत ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए ट्वीट किया, माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्र सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना चलाई जा रही है, लेकिन इसमें केवल सामाजिक, आर्थिक एवं जातिगत जनगणना-2011 (एसईसीसी) के पात्र परिवार ही शामिल हैं।
इस शर्त के कारण देश की केवल 40 फीसदी आबादी को ही 5 लाख रुपए के बीमा वाली इस योजना का लाभ मिल पाता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में हमारी सरकार ने ‘चिरंजीवी योजना’ लागू की है, जिसमें प्रदेश के लगभग सभी आठ करोड़ लोगों को 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा और 5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा मिलता है। मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि एसईसीसी एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के पात्र परिवारों और संविदाकर्मियों और लघु एवं सीमांत किसानों को इसके लिए कोई प्रीमियम देने की जरूरत नहीं है।
इनके अलावा किसी भी अन्य आय वर्ग का परिवार भी सिर्फ 850 रुपए सालाना की प्रीमियम राशि देकर चिंरजीवी योजना का फायदा उठा सकता है। गहलोत ने लिखा कि आज के दौर में महंगे होते इलाज के कारण एसईसीसी के पात्र परिवारों के अलावा मध्यम वर्ग को भी देशभर में चिरंजीवी योजना जैसी योजना की आवश्यकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से अपील करते हुए लिखा, मैं आपसे निवेदन करता हूं कि आयुष्मान भारत योजना का दायरा बढ़ाकर इसमें चिरंजीवी योजना की तर्ज पर देश के सभी नागरिकों के लिए 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा एवं 5 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा लागू किया जाए।

