ब्रेकिंग : 30 सितम्बर की जगह अब 31 अक्टूबर तक भर सकेंगे ऑडिट रिपोर्ट, CBDT ने दी बड़ी राहत

देश

30 सितम्बर की जगह अब 31 अक्टूबर तक भर सकेंगे ऑडिट रिपोर्ट, CBDT ने दी बड़ी राहत

दैनिक खबरां,नई दिल्ली। आयकरदाताओं और टैक्स प्रोफेशनल्स को बड़ी राहत देते हुए केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब वित्त वर्ष 2024-25 (आकलन वर्ष 2025-26) के लिए विभिन्न ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने की तिथि 30 सितम्बर 2025 से बढ़ाकर 31 अक्टूबर 2025 कर दी गई है।

CBDT ने बताया कि उन्हें चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और अन्य प्रोफेशनल संस्थाओं से समय पर रिपोर्ट दाखिल करने में आ रही दिक्कतों को लेकर कई प्रतिनिधित्व मिले थे। इनमें बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं जैसी वजहों से सामान्य कारोबारी गतिविधियां प्रभावित होने का हवाला दिया गया। यह मुद्दा कई हाईकोर्ट्स के समक्ष भी उठाया गया था।

बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया है कि आयकर ई-फाइलिंग पोर्टल सुचारू रूप से काम कर रहा है और टैक्स ऑडिट रिपोर्ट्स लगातार अपलोड हो रही हैं। 24 सितम्बर तक 4.02 लाख से अधिक टैक्स ऑडिट रिपोर्ट दाखिल हो चुकी हैं, वहीं 7.57 करोड़ से ज्यादा आयकर रिटर्न भी 23 सितम्बर तक फाइल किए जा चुके हैं। टैक्स प्रैक्टिशनर्स की मांग और अदालतों के सुझाव को देखते हुए CBDT ने यह फैसला लिया है। इस संबंध में औपचारिक आदेश अलग से जारी किया जाएगा।