ऊंट उत्सव: रौबिले उतरे विरोध में,जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। 10 जनवरी से शुरू हो रहे तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ऊंट-उत्सव के शुरू होने से पहले ही विवाद शुरू हो गया है। शहर के रौबिले विरोध में उतर आए हैं, जो पिछले लंबे समय से ऊंट-उसत्व में भाग लेते आए हैं, जिन्होंने इस उत्सव को देश-विदेश में नाम दिया है। रौबिलों का कहना है कि ऊंट महोत्सव-2025 में मिस मरवण और मिस्टर बीकाणा जैसी सांस्कृतिक प्रतियोगिता/प्रतिस्पर्धा में पर्यटन विभाग और प्रशासन द्वारा बदलाव कर सांस्कृतिक महोत्सव को वेस्टर्न रूप देते हुए जो इन प्रतियोगिताओं को शो का नाम दिया गया है, जो कि यहां और इस उत्सव की संस्कृति के खिलाफ है। इस संबंध में रौबिलों व कलाकारों ने मंगलवार को जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन दिया। रोबिलों का रोष है कि ऊंट उत्सव के दौरान रोबिलों और मरवणों के बीच होने वाली ‘मिस्टर बीकाणा’ और ‘मिस मरवण’ प्रतियोगिता को इस बार बंद कर दिया है। जो उचित नहीं है। अब इसके स्थान पर पारंपरिक वेशभूषा में आये कलाकारों को फैशन शो की तर्ज पर केवल रैम्प वॉक को मौका दिया जायेगा। ऐसे में ऊंट उत्सव का कोई औचित्य नहीं है। प्रदेश में होने वाले अनेक उत्सवों में रोबिलों का महत्व है और उन्हें मान सम्मान दिया जाता है। लेकिन बीकानेर प्रशासन व पर्यटन विभाग बीकानेर की रोबिलों के प्रति इस तरह की अनदेखी दुर्भायपूर्ण है। जिससे ऊंट उत्सव की रंगत महज औपचारिकता निभाने वाली हो जाएगी।
