8 क्विंटल से अधिक डोडा–पोस्त बरामद, ट्रेलर जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार
दैनिक खबरां,बीकानेर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एएनटीएफ जोधपुर और शेरूणा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने शेरूणा थाना क्षेत्र में तस्करी कर लाए जा रहे 8 क्विंटल 38 किलो 950 ग्राम अवैध डोडा–पोस्त से भरे एक ट्रेलर को पकड़ा है। मौके से आरोपी सुरेन्द्र कुमार पुत्र भंवराराम (21), निवासी मलकी की ढाणी, गांव कपूरड़ी, थाना मढ़ली, जिला बालोतरा को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार ट्रेलर RJ19 GJ 1790 में भारी मात्रा में डोडा–पोस्त भरा हुआ था जिसे तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ट्रेलर को नाकेबंदी में रुकवाकर तलाशी ली तो उसमें अवैध मादक पदार्थ मिला, जिसे मौके पर ही जब्त कर लिया गया। इस संबंध में शेरूणा थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच कालू थाना प्रभारी को सौंपी गई है।
बीकानेर रेंज आईजी के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थ, हथियारों और संगठित अपराधों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई को बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच कर तस्करी नेटवर्क के पूरे तारों का खुलासा किया जाएगा।

