सवारियों से भरी बोलेरो पलटी, 8 से 10 घायल, नील गाय को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई बोलेरो, खेत में काम करने जा रहे थे

राजस्थान राज्य

नागौर। नागौर के खींवसर के पास पांचौड़ी गांव की साठिका रोड पर नीलगाय को बचाने के चक्कर में सवारियों से भरी बोलेरो गाड़ी पलटी खा गई। जिससे बोलेरो में सवार आठ से दस मजदूर घायल हो गए। ये सभी मजदूर एक खेत में काम करने जा रहे थे। हादसा होने पर ग्रामीणों ने 108 की मदद से घायलों को पांचौड़ी के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद नागौर जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया।

हादसे में एक घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की सूचना पर पांचौड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटने के साथ घायलों को अस्पताल पहुंचाने में लगी। जानकारी अनुसार सभी मजदूर करणू से साठिका खेत में मजदूरी करने जा रहे थे, तब हादसा हुआ। हादसे में बिरलोका रहने वाले 26 साल के पुनाराम पुत्र बंशी राम, पांचला सिद्धा रहने वाले 25 साल के लक्ष्मण पुत्र भैया राम पिंपलिया रहने वाले 60 साल के गोविंद राम पुत्र नवल राम, करनू रहने वाले 12 साल के मनजीत पुत्र चुनाराम, पांचला सिद्धा रहने वाली 30 साल की ज्योति पत्नी सुखराम, पांचला रहने वाली 8 साल की माया पुत्री पप्पू राम, कुमारी रहने वाली 25 साल की गुड्डी देवी पत्नी दिनेश और पांचला की ही रहने वाली 13 साल की नैनी पुत्री धनाराम घायल हो गए। जिनका उपचार अस्पताल में जारी है।