बीकानेर: स्कूल से चोरी हुए पोषाहार दूध पाउडर केस का पर्दाफाश,पुलिस नें पकड़े पांच चोर
दैनिक खबरां, बीकानेर। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मेघवालों की ढाणी, मैयासर में पोषाहार दूध पाउडर की चोरी की वारदात का नोखा पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में चोरी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से गहन अनुसंधान जारी है। पुलिस के अनुसार दिनांक 22 नवंबर 2025 की रात को विद्यालय के स्टोर रूम के ताले तोड़कर पोषाहार दूध पाउडर के 43 कार्टन (कुल 215 पैकेट) चोरी कर लिए गए थे। इस संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा थाना नोखा में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई थी, जिस पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए थाना स्तर पर विशेष टीम का गठन कर त्वरित अनुसंधान किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ एवं तकनीकी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपीयों में महेंद्र पुत्र मदनलाल निवासी हिम्मटसर, कैलाश पुत्र नरसीराम निवासी हिम्मटसर, श्यामसुंदर पुत्र बाबूलाल निवासी हिम्मटसर, पवन कुमार पुत्र लेखराम निवासी हिम्मटसर तथा दिनेश पुत्र लिछमणराम निवासी काकड़ा आदि है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है तथा चोरी किए गए पोषाहार दूध पाउडर की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।

