बीकानेर : घर से मंदिर जाने का कह निकली ब्यूटी पार्लर संचालिका की गला काटकर हत्या,आरोपी पकड़ा गया,बोला पहले उरमूल सर्किल बुलाया फिर…

बीकानेर

बीकानेर : घर से मंदिर जाने का कह निकली ब्यूटी पार्लर संचालिका की गला काटकर हत्या,आरोपी पकड़ा गया,बोला पहले उरमूल सर्किल बुलाया फिर…

बीकानेर । बीछवाल रोड़ स्थित आरसीपी कॉलोनी में देर रात को मिले महिला के शव की पहचान हो गई है । मृतका महिला का नाम महिला लक्ष्मी पुरोहित (35) पत्नी राजेश पुरोहित है जो नया शहर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह घर के पास ही ब्यूटी पार्लर चलाती थी और पति राजेश पुरोहित सरकारी कर्मचारी है। पुलिस के अनुसार महिला की गला काटकर हत्या की गई है । पुलिस ने इस घटना के सामने आने के बाद तेजी से अनुसंधान करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार महिला लक्ष्मी पुरोहित (35) पत्नी राजेश पुरोहित का शव थाना क्षेत्र के आरसीपी कॉलोनी के मेन गेट के पास मिला। ​महिला सोमवार शाम से गायब थी, जिसका शव देर रात 1 बजे पुलिस ने बरामद किया। महिला के पति की ओर से मामला दर्ज कराया गया था। पति राजेश ने बताया कि लक्ष्मी सोमवार शाम करीब 6 बजे घरवालों को मंदिर जाने का कहकर निकली थी। रात करीब 10 बजे तक वह नहीं आई तो उसकी तलाश शुरू की। इसके बाद परिवार थाने पहुंचा और शिकायत दर्ज करवाई। इस बीच बीछवाल पुलिस को रात 1 बजे शव मिलने की जानकारी मिली। इसके बाद मंगलवार सुबह लक्ष्मी के पति राजेश को पीबीएम हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में बुलाया गया, जहां उन्होंने शव की शिनाख्त की। इसके बाद राजेश ने मुक्ता प्रसाद नगर में रहने वाले समीर नाम के युवक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया और बताया कि वह काफी दिनों से उसकी पत्नी को परेशान कर रहा था। लक्ष्मी उससे काफी परेशान थी।

चाकू से गला काटा और कॉलोनी में फेंका

बीकानेर एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया- आरोपी समीर ने पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। उसने बताया कि सोमवार शाम करीब साढ़े 6 बजे लक्ष्मी को उरमूल सर्किल पर बुलाया था। वहीं से उसे नहर कॉलोनी ले गया। जहां उसका व लक्ष्मी का झगड़ा हो गया। इसी दौरान उसने लक्ष्मी का गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

समीर ने पुलिस को बताया कि वो खुद सुसाइड करने के लिए रेलवे ट्रैक पर निकल गया और घायल हो गया था। लेकिन, जब पुलिस ने रेलवे से कंफर्म किया तो ये बात झूठी निकली। ऐसे में पुलिस ये आशंका जताई कि लक्ष्मी को मारने के बाद समीर ने खुद अपना हाथ काटने का प्रयास किया हो, जिससे उसके हाथ की हथेली पर घाव हो गया। दोपहर करीब 1 बजे आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।

हर्षों के चौक में है पीहर

लक्ष्मी का पीहर हर्षों के चौक और ससुराल सालो की होली में है। लक्ष्मी के भाई अमरचंद मोहता इन दिनों गिरिराज जी दर्शन के लिए गए हुए हैं, जहां से वो बीकानेर के लिए रवाना हो गए हैं। लक्ष्मी के एक छोटी बेटी है। घटना की जानकारी के बाद वहां परिजन ओर अन्य सामाजिक संस्थान के पदाधिकारी शामिल हुए और कार्रवाई की मांग करने लगे।