साईबर ठगी पर शिकंजा : बीकानेर पुलिस ने 681 पृष्ठों की चार्जशीट पेश की, अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन ठग गिरफ्तार
दैनिक खबरां,बीकानेर। साईबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने अंतर्राज्यीय गिरोह के तीन आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। साईबर थाना बीकानेर ने ठगी के इन मामलों में गहन जांच कर 681 पृष्ठों की चार्जशीट न्यायालय में पेश की है। सबसे बड़ी बात यह है कि इस चार्जशीट में कुल 115 न्यायिक दस्तावेज और 25 गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सौरव तिवाड़ी के मार्गदर्शन और साईबर थाना प्रभारी खान मोहम्मद (आरपीएस) की देखरेख में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। जांच अधिकारी पुनि रमेश कुमार सर्वटा और साईबर थाना तथा साईबर रेस्पॉन्स सेल की संयुक्त टीम ने दस्तावेजी और तकनीकी साक्ष्य जुटाकर चार्जशीट तैयार की। इन तीनों के खिलाफ प्रकरण संख्या 03, दिनांक 10 जून 2025 को दर्ज हुआ था, जिसमें भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 317(2), 317(4), 318(2), 318(4), 61(2)(ए) और सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 66 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच पूरी होने पर आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। चार्जशीट में कुल 115 न्यायिक दस्तावेज और 25 गवाहों के बयान शामिल किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
राहुल सिंह (34) पुत्र शशिभूषण सिंह, निवासी बल्लभ गार्डन थाना जेएनवीसी बीकानेर,मनमोहन यादव (31) पुत्र शुभाराम यादव, निवासी तिलकनगर थाना जेएनवीसी बीकानेर,नाहिद अली (30) पुत्र नियाज अली, निवासी रामपुरा बस्ती थाना मुक्ता प्रसाद बीकानेर
पुलिस की अपील,साईबर हेल्पलाइन पर करें शिकायत
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह के लालच या प्रलोभन में आकर अपनी निजी या बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें। अपने बैंक खाते किराये पर देना या बेचना भी गंभीर अपराध है। यदि किसी के साथ साईबर ठगी होती है तो तत्काल साईबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं।

