



दिल्ली कार ब्लास्ट के बाद बीकानेर में हाई अलर्ट, पुलिस की कड़ी निगरानी, नयाशहर पुलिस सहित अन्य थाने हुए एक्टिव
दैनिक खबरां, बीकानेर। दिल्ली के लाल किले के पास चलती कार में हुए भीषण धमाके में 8 लोगों की मौत और 24 के घायल होने के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। दिल्ली, मुंबई, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में हाई अलर्ट जारी किया गया है। इसी के तहत बीकानेर पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

एसपी के निर्देशन में शहर के प्रमुख मार्गों, हाइवे और संवेदनशील इलाकों में पुलिस ने आकस्मिक चेकिंग शुरू कर दी है । इसी क्रम में नयाशहर थाना अधिकारी कविता पुनिया अपनी टीम के साथ देर रात तक हाइवे पर खुद मौजूद रहीं और प्रत्येक वाहन की सघन तलाशी के बाद ही आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। थाना क्षेत्र में पुलिस पिकेट्स सक्रिय रखी गईं और गश्त तेज की गई।

थानाधिकारी कविता पुनिया ने दैनिक खबरां से बातचीत में बताया कि दिल्ली में कार ब्लास्ट की घटना के बाद राजस्थान में हाई अलर्ट जारी है। बीकानेर पाकिस्तान सीमा से सटा हुआ जिला है, इसलिए यहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक की तरफ से पुलिस टीमों को चौकन्ना रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।वहीं बीकानेर पुलिस की साईबर सेल भी सक्रिय हो गई है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की निगरानी में जुटी हुई है। किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

इसी बीच राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने भी सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (SPs) को अलर्ट मोड पर रखा है। सभी को सतर्कता बरतने और सघन तलाशी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य में सुरक्षा को लेकर एहतियातन कदम उठाते हुए पुलिसकर्मियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। दैनिक खबरां की आमजन से अपील है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या वाहन की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने में दें। भ्रामक खबरों से सावधान और सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।


