
बीकानेर संभाग: नौतपा के बीच यंहा अचानक बदला मौसम,बेर के आकार के गिरे ओले
दैनिक खबरां,बीकानेर। नौतपा की भीषण गर्मी और लगातार चल रही लू ने बीकानेर सहित प्रदेश के कई इलाकों में जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। बीकानेर में पिछले एक सप्ताह से तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है। दिनभर चल रही गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण आमजन बेहाल हैं। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर गुरुवार को श्रीगंगानगर में मौसम ने अचानक करवट ले ली। भीषण गर्मी के बीच दोपहर बाद आसमान में घने काले बादल छा गए और शाम करीब 4:15 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। इसके बाद करीब 20 मिनट तक जमकर ओलावृष्टि हुई। कई इलाकों में बेर के आकार के ओले गिरने से लोग हैरान रह गए। बारिश और ओलावृष्टि के बाद मौसम सुहावना हो गया तथा लोगों को गर्मी से राहत मिली। देर शाम तक आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रही।
मौसम विभाग ने श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों के लिए पहले ही बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था। इससे पहले दिन में श्रीगंगानगर ने गर्मी का नया रिकॉर्ड भी दर्ज किया। जिले का अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जिसके चलते यह दुनिया के सबसे गर्म शहरों में दूसरे स्थान पर दर्ज किया गया। पाकिस्तान का जैकोकाबाद 49 डिग्री तापमान के साथ पहले स्थान पर रहा।

