बीकानेर कांग्रेस में पद को लेकर गहमागहमी: शहर और देहात अध्यक्ष पद की रेस में ये नाम आए सामने
दैनिक खबरां,बीकानेर। शहर और देहात कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर रविवार को सर्किट हाउस में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की शुरुआत हुई। इस अभियान के तहत पार्टी के वरिष्ठ नेता जिले-दर-जिले कार्यकर्ताओं से संवाद कर संगठन को मजबूत करने की दिशा में मंथन कर रहे हैं।
बीकानेर में अभियान प्रभारी राजेश लीलोठिया, सह प्रभारी अंकित गोयल और जिला प्रभारी शिमला नायक ने कार्यकर्ताओं और अध्यक्ष पद के दावेदारों से एक-एक कर चर्चा की। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने पसंदीदा नेताओं को अध्यक्ष बनाए जाने की मांग रखी।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए रवि पुरोहित, अनिल कल्ला, यशपाल गहलोत, हारून राठौड़, मकसूद अहमद, मदन गोपाल मेघवाल, गजेंद्र सिंह सांखला, अरुण व्यास और नितिन वत्सस सहित कई नेताओं ने नामांकन प्रस्तुत किया है।
वहीं देहात कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए भी नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हालांकि औपचारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन इस पद के लिए मौजूदा अध्यक्ष बिशनाराम सियाग को दोबारा मौका देने की मांग जोर पकड़ रही है। सियाग ने मात्र दो साल पहले ही पदभार संभाला था।
उनके अलावा गोविंदराम मेघवाल, शिवलाल गोदारा, राम निवास कूकना, लक्ष्मण कड़वासरा सहित कई वरिष्ठ नेता भी इस पद की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं।
संगठन सृजन अभियान के इस पहले चरण में पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि इस बार जिला स्तर के अध्यक्षों का चयन संवाद, सहमति और संगठन की मजबूती के आधार पर किया जाएगा।

