बीकानेर: आर्मी एरिया’ का झांसा मिडिया कर्मी से ठगी की कोशिश, बोला-सर्वर डाउन है,UPI आईडी भेजो, ऑनलाइन ट्रांसफर कर दूंगा, एंट्री पास भी बनवा दूंगा..
दैनिक खबरां,बीकानेर। साइबर ठगों का जाल लगातार बढ़ता जा रहा है और अब ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। ताज़ा मामला आज का है जंहा मीडिया कर्मी एवं व्यवसायी अपनी सूझबूझ के चलते एक बड़ी ठगी का शिकार होने से बच गए।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह 10:28 बजे मीडिया कर्मी एवं व्यवसायी इमरान खान के पास मोबाइल नंबर 7015536441 से एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने अपना नाम अनिल बताया और खुद को आर्मी एरिया का निवासी बताया। कॉलर ने कहा कि उसने एक होटल वाले से इमरान का नंबर लिया है और आर्मी एरिया में पार्टी के लिए बड़ी मात्रा में पानी की जरूरत है। 100 कार्टून (1 लीटर) व 100 कार्टून (200 एमएल) पानी उदासर गेट पर मंगवाए, और मौके पर 25 हजार का भुगतान करने की बात कही। साथ ही 5 दिन तक लगातार सप्लाई का भी कहा गया। इमरान खान ने कर्मचारी के माध्यम से पानी की सप्लाई मौके पर भिजवा दी। इसके बाद संदिग्ध व्यक्ति ने ड्राइवर को फोन कर कहा कि “सर्वर डाउन है, आप अपने बैंक अकाउंट नंबर व यूपीआई आईडी भेजो, ऑनलाइन ट्रांसफर कर दूंगा और एंट्री पास भी बनवा दूंगा।”
ड्राइवर ने यह बात इमरान खान को बताई तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने तत्काल साइबर सेल के दीपक यादव से संपर्क किया और पूरा मामला बताया। जांच करने पर पता चला कि यह कॉल फर्जी है और यह व्यक्ति सामने भी नहीं आया। यदि इमरान खान खाते की जानकारी साझा कर देते, तो उनके खाते से राशि निकलने की पूरी संभावना थी। कॉल करने वाले व्यक्ति का नंबर भी संदिग्ध पाया गया।
साइबर एक्सपर्ट के अनुसार सामान की सप्लाई, सेना का नाम, सर्वर डाउन और तत्काल भुगतान जैसी बातों में ठग आम तौर पर फंसाने की कोशिश करते हैं।आमजन ऐसे कॉल्स से सतर्क रहें और किसी भी अज्ञात व्यक्ति को बैंक से संबंधित जानकारी बिल्कुल साझा न करें।

