बीकानेर: मकान का फोटो दिखाकर धोखे से लिया 12 लाख का लोन, कोर्ट के आदेश पर 6 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

पुलिस कार्रवाई बीकानेर

बीकानेर: मकान का फोटो दिखाकर धोखे से लिया 12 लाख का लोन, कोर्ट के आदेश पर 6 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

बीकानेर,दैनिक खबरां। बीकानेर में एक फाइनेंस कंपनी को मकान दिखाकर लोन दिलवाने के नाम पर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। न्यायालय ACJM संख्या-02 के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ धारा 318(4) व 316(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस को दी रिपोर्ट में Financial Services Pvt. Ltd. के अधिकृत प्रतिनिधि पुनीत कालरा ने परिवाद में बताया कि वर्ष 2024 में आरोपी अनिल कुमार व उसकी पत्नी माया ने अपनी अचल सम्पत्ति को मकान निर्मित बताकर 12 लाख रुपये का ऋण लेने के लिए आवेदन किया। साथ में मनीष बिश्नोई भी मौजूद था। कम्पनी द्वारा सर्वेयर मनीषा सेठी के प्रतिनिधि तेजू भाटी को मौके की जांच के लिए भेजा गया।

परिवाद के अनुसार, आरोपियों ने साजिशपूर्वक शंकर नाई के स्वामित्व वाला मकान, आरोपी अनिल का मकान बताकर पेश कर दिया। जबकि रहन रखे दस्तावेज जिस भूखण्ड के थे, वह वास्तव में खाली था। कंपनी की नीति के अनुसार खाली भूखण्ड पर किसी भी प्रकार का ऋण स्वीकृत नहीं किया जाता, फिर भी आरोपियों ने भ्रामक फोटो और गलत जानकारी देकर ऋण दिलवा दिया।

परिवादी के अनुसार, ऋण स्वीकृत होने के बाद आरोपी किश्तें चुकाने से लगातार मुकरते रहे और तकादा करने पर कंपनी प्रतिनिधियों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकियां भी दीं। कंपनी द्वारा पुलिस अधीक्षक व थानाधिकारी को पूर्व में रजिस्टर्ड डाक भेजी गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। कोर्ट के आदेश पर सदर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।