बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान, 14 नवंबर को आएंगे नतीजे
दैनिक खबरां न्यूज़। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का एलान हो गया है। 243 सीटों के लिए मतदान दो चरणों में होगा,पहले चरण में 6 नवंबर और दूसरे चरण में 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। मतगणना 14 नवंबर को होगी।
मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इस बार चुनाव में 17 नई पहलें लागू की जा रही हैं। इनमें मतदान प्रक्रिया से पहले, दौरान और बाद से जुड़ी व्यवस्थाएं शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि पहली बार सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की सुविधा होगी। साथ ही, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत 22 साल बाद बिहार की मतदाता सूची को शुद्ध किया गया है।
नई एसओपी के तहत अब मतदाता पंजीकरण के 15 दिनों के भीतर पहचान पत्र जारी किए जाएंगे। मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन जमा करने की व्यवस्था भी रहेगी।
सीईसी ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत कानूनी रूप से जरूरी है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने या हटाने को लेकर कोई शिकायत हो तो जिला मजिस्ट्रेट के पास अपील की जा सकती है। नामांकन से 10 दिन पहले तक नाम जोड़े या हटाए जा सकते हैं।

